- Hindi News
- ४०० रुपए क्विंटल सस्ता हुआ आलू यूपी और पंजाब से आवक बढ़ी, और सस्ता होगा भाव
४०० रुपए क्विंटल सस्ता हुआ आलू यूपी और पंजाब से आवक बढ़ी, और सस्ता होगा भाव
रांची : यूपी और पंजाब से आवक बढ़ने के कारण स्थानीय थोक मंडियों में आलू के भाव में लगातार गिरावट आ रही है। पिछले दो दिनों में आलू ४०० रुपए प्रति क्विंटल तक सस्ता हो गया है। वहीं, १० दिनों में यह ९०० रुपए क्विंटल तक सस्ता हुआ है। अभी थोक मंडी पंडरा टर्मिनल मार्केट में प्रति दिन करीब १० गाड़ी आलू की आवक हो रही है। दूसरी तरफ पिठौरिया, बेड़ो, इटकी, मांडर, रातू, जोन्हा सहित रांची के आसपास के गांवों के लोकल आलू का उत्पादन भी बढ़ा है। इन क्षेत्रों से भी आलू की आवक बढ़ी है। आलू-प्याज के थोक विक्रेता संजय साहू ने बताया कि अभी बंगाल से आलू की आवक कम है। यूपी और पंजाब से आलू की आवक काफी बढ़ गई। आने वाले कुछ दिनों में ऊपर की मंडियों में आलू के भाव और गिरेंगे। उन्होंने कहा दिसंबर के बाद से बंगाल से भी नया आलू आने लगेगा। ऐसे में भाव और टूटेगा। गुरुवार को थोक मंडियों में आलू ९०० से ९५० रुपए प्रति क्विंटल तक बिका। वहीं लोकल आलू १००० रुपए प्रति क्विंटल बिका।
खुदरा बाजार में बने हुए हैं भाव
आलू के भाव में भारी गिरावट आने के बावजूद खुदरा बाजार में आलू की कीमतें बनी हुई हैं। अभी भी विभिन्न खुदरा बाजारों में आलू २० से २२ रुपए प्रति किलो तक मिल रहा है।
प्याज में स्थिरता
रांची: प्याज के भाव कई दिनों से स्थिर हैं। थोक बाजार में यह १४०० से १७०० रुपए क्विंटल तक बिक रहा है। पंडरा थोक मंडी में प्रति दिन ८ से ९ गाड़ी प्याज की आवक हो रही है।