- Hindi News
- ईएसआई अस्पताल में आंख और हड्डी रोगों का ऑपरेशन जल्द
ईएसआई अस्पताल में आंख और हड्डी रोगों का ऑपरेशन जल्द
भास्कर संवाददाता. रांची
नामकुम स्थित ईएसआई अस्पताल में अब आंख और हड्डी रोगों के मरीजों को ऑपरेशन के लिए दूसरे अस्पताल में नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए अब उक्त अस्पताल में भी मरीज ऑपरेशन करा सकेंगे। जल्द ही यह सुविधा शुरू होनेवाली है। नेत्र रोग के लिए ऑपरेशन थियेटर बनकर तैयार हो चुका है, जबकि ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थियेटर में काम चल रहा है। इस संबंध में अस्पताल क अधीक्षक डॉ एके शर्मा ने बताया कि हमारे यहां आनेवाले दोनों बीमारियों के मरीजों को अब एक ही छत के नीचे सुविधा मिलेगी। एक ओटी तैयार है, दूसरे में काम जारी है। साथ ही संबंधित विभागों के उपकरणों की खरीदारी की प्रक्रिया शुरू है। इसके लिए आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव आयोग से विशेष परिस्थिति में अनुमति ली गयी है। वहीं, ईएसआई अस्पताल में नेत्र रोगियों के ओपीडी जांच के बाद ऑपरेशन के लिए संत बरनाबस अस्पताल में रेफर किया जाता है। अधिकांश मरीज मोतियाबिंद के आ रहे हैं। ऑपरेशन थियेटर चालू होने जाने से आंखों की और भी बीमारियों के मरीजों का इलाज हो सकेगा। इसके अलावा हड्डी की बीमारियों से संबंधित ऑपरेशन अग्रवाल नर्सिंग होम और जगन्नाथ अस्पताल में रेफर किए जाते हैं। दोनों ही विभाग में डॉक्टर उपलब्ध हैं। अस्पताल के अनुसार यहां जल्द ही सीसीटीवी कैमरा और बॉयोमिट्रिक सिस्टम भा चालू होगा। मरीजों को दी जानेवाली ६० रुपए के डाइट में वृद्धि के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया गया है।