पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दिनेश गोप के नाम पर लेवी मांगने के आरोप में दो धराए जेल में बंद सरगना फोन कर लेवी का कर रहा था मांग

दिनेश गोप के नाम पर लेवी मांगने के आरोप में दो धराए जेल में बंद सरगना फोन कर लेवी का कर रहा था मांग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो : पूरे मामले की जानकारी मीडिया को देते सिमडेगा के एसपी राजीव रंजन।
रांची/सिमडेगा। नक्सली संगठन पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप के नाम पर लेवी मांगने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों के पास से तीन हजार रूपए नकद, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल और दो सिमकार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि खुद को दिनेश गोप बताते हुए फोन करने वाला व्यक्ति तेलेस्फोर टेटे जेल से व्यवसायियों को फोन करके धमका रहा था। जबकि तेलेस्फोर का एक भाई सुमन टेटे और उसका साथी प्रमोद सोरेंग लेवी वसूलने के काम में लगे थे। इन दोनों को ही पुलिस ने दबोचा है। पुलिस ने तेलेस्फोर को इन अपराधियों को सरगना बताया है।

पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़े अपराधी

शनिवार को समाहरणालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी राजीव रंजन ने बताया कि शहर के कुछ व्यवसायियों से फोन कर दिनेश गोप के नाम पर लेवी की मांग की जा रही थी। व्यवसायियों द्वारा इसकी शिकायत पुलिस को किए जाने के बाद पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी का प्रयास तेज कर दिया था। इधर शुक्रवार को जब व्यवसायियों को फिर से लेवी के लिए फोन आया तो पुलिस ने अपना जाल बिछाया। जिस स्थान पर अपराधियों ने व्यवसायी को पैसा देने के लिए बुलाया वहां पहले से पुलिस के जवान सादी वर्दी में मौजूद थे।
पैसा लेने के लिए पहुंचे सलडेगा बासेनटोली निवासी सुमन टेटे और डिप्टीटोली निवासी प्रमोद सोरेंग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि सुमन का भाई तेलेस्फोर टेटे गत पांच अगस्त से लेवी नहीं मिलने के कारण ट्रैक्टर जलाने के आरोप में जेल में बंद है और वही जेल से लेवी की मांग कर रहा था। इन्हें रूपया वसूली के कार्य में लगाया गया था। इस संबंध में पिथरा निवासी प्रबल इमानुएल टेटे की शिकायत पर सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

जेल प्रशासन की है मिलीभगत : एसपी

जेल से फोन कर लेवी मांगने के मामले को गंभीर बताते हुए एसपी राजीव रंजन ने कहा कि इसमें जेल प्रशासन की मिलीभगत है। जेल प्रशासन के सहयोग से मोबाइल अंदर जाता है और लेवी की मांग की जाती है। एसपी ने कहा कि अपराधियों द्वारा लेवी की मांग के लिए ओड़िशा और छत्तीसगढ़ का सिमकार्ड प्रयोग किया जाता है।

सिम बेचने वालों पर सख्ती करेगी पुलिस

सिम विक्रेताओं के खिलाफ पुलिस सख्ती करने की तैयारी में है। प्रेस कांफ्रेंस में एसपी राजीव रंजन ने बताया कि सिमकार्ड विक्रेता बगैर जांच परख के सिमकार्ड बिक्री करते हैं। उन्होंने कहा कि सिम विक्रेताओं की बैठक बुलाकर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे। इसके बाद भी अगर गलत ढंग से सिम दिया जाना नहीं रूकता है तो विक्रेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
आगे देखें गिरफ्तार अपराधियों के पास से बरामद रुपये व मोबाइल फोन की तस्वीर -
फोटो : शहजादा सरफराज।