बीते सप्ताह रांची में सोना ६०० रुपए चढ़ा
चांदी २००० रुपए चमकी
रांची : वैश्विक स्तर पर सोने में दो महीने की सबसे बड़ी साप्ताहिक तेजी के बीच बीते सप्ताह रांची सर्राफा बाजार में जेवराती सोना ६०० रुपए चढ़कर २५९०० रुपए प्रति दस ग्राम और जेवराती चांदी २००० रुपए की छलांग लगाकर ३९५०० रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। जानकारों का कहना है कि आगामी सप्ताह दोनों कीमती धातुओं का रुख अमेरिकी फेडरल रिजर्व की १६-१७ दिसंबर को होने वाली बैठक के बाद की जाने वाली घोषणाओं पर निर्भर करेंगे। फिलहाल तेजी की धारणा बनी हुई है। सप्ताह के दौरान कच्चे तेल की गिरावट, डॉलर की कमजोरी और शेयर बाजार के लुढ़कने से सोने को बल मिला। बीते सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस सोना २५९०० रुपए प्रति १० ग्राम और चांदी ३९५०० रुपए प्रति किलो बोली गई। सोमवार को सोना २५३०० रुपए पर था, जबकि चांदी ३७५०० रुपए पर थी।