रांची। कोकर के साधू मैदान में हो रहे निर्माण को अवैध बताते हुए इसपर रोक लगाने की मांग कोकर निवासियों की ओर से की गई है। झारखंड आंदोलन से जुड़े समीर कुमार सिन्हा ने इस संबंध में एक पत्र राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव समेत अन्य आला अधिकारियों को लिखा है और निर्माण को अवैध बताते हुए इसपर रोक लगाने की मांग तथा इस मामले की जांच कराकर उन अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है जिनकी संलिप्तता इस मामले में हो।
सिन्हा ने बताया कि साधू मैदान की लगभग सात एकड़ जमीन पर चुनाव आचार संहिता लगने के बाद निर्माण कार्य शुरु किया गया है। यहां बसे लोगों को जबरन हटा दिया गया जिनका जीवन यापन ठंड के इस मौसम में मुश्किल हो गया है। रिकार्ड बताते हैं कि यह वक्फ बोर्ड की जमीन थी जिसका गलत तरीके से हस्तांतरण दिखाकर कुछ लोग यहां निर्माण करा रहे हैं। सरकार के रिकार्ड रूम से इस जमीन से संबंधित सभी रिकार्ड फाड़ दिए गये हैं। इसलिए इस मामले की जांच होनी चाहिए।
तारा प्रकरण की सुनवाई कल
गलत तरीके से शादी करने और शादी के बाद
धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के चर्चित तारा शाहदेव प्रकरण की सुनवाई सोमवार को झारखंड हाईकोर्ट में होगी। यह मामला सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है। इस संबंध में अखंड भारत की ओर से एक जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में इस प्रकरण में बड़े अफसरों, न्यायिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की संलिप्तता की जानकारी देते हुए इसकी सीबीआई जांच कराने की मांग की गई है।