रांची/पाकुड़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह ने रविवार को पाकुड़ के महेशपुर स्थित सिलमपुर मैदान में भाजपा प्रत्याशी देवीधन टुडू के पक्ष में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, भूपेंद्र यादव, राजेंद्र, बबलू भगत, विवेकानंद तिवारी समेत हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। अमित शाह ने झामुमो-कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए सूबे में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की मांग की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित साह ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में मौजूद ढाई लाख करोड़ रुपए की कोयले पर बाप-बेटे की नजर है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने कोयला मंत्री रहते हुए झारखंड के कोयला को बेच डाला। अब बेटे हेमंत सोरेन की उस पर नजर है। अमित शाह ने कहा कि सूबे में चुनाव लड़ रहे झामुमो, कांग्रेस, जेवीएम, सीपीएम सभी दल अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं लेकिन जब-जब सरकार बनाने की बारी आती है, तो सभी दल झारखंड को लूटने के लिए मिल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड के भू-गर्भ में प्रकृति का अनमोल खजाना भरा पड़ा है लेकिन यहां की जनता बेहद ही गरीब है। यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी आदि जैसी मूलभूत सुविधाएं तक मुहैया नहीं हैं जिसे देखकर दु:ख होता है।
राहुल गांधी के कारण जीतेगी भाजपा
अमित साह ने कहा कि कांग्रेस के राजकुमार राहुल गांधी के कारण झारखंड में भी भाजपा दो तिहाई बहुमत से जीतेगी क्योंकि राहुल जहां भी जाते हैं, वहां भाजपा जीत जाती है। भाजपा अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री
मनमोहन सिंह को मौनी बाबा करार देते हुए कहा कि वे जहां भी जाते थे, चुप रहते थे जबकि मोदी अपनी बातों को मजबूती से रखते हैं। आज विदेशों में हो रही भारत की जय-जयकार के पीछे मोदी नहीं, बल्कि सवा सौ करोड़ भारतीय की ताकत है। अमित साह ने कहा कि देश में 60 सालों तक राज करने वाली कांग्रेस ने देश को रसातल में धकेल दिया है।