रांची। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने झारखंड की उप राजधानी दुमका में सोमवार को एक चुनावी जनसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और वर्तमान सीएम व शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां सरकार की तिजोरी तो नहीं भरी, लेकिन बाप-बेटे व अन्य राजनेताओं की तिजोरियां जरूर भर गईं।
मोदी ने कहा कि सरकार की तिजोरी पर सिर्फ देश के गरीबों का हक है। लूटने वालों का हिंदुस्तान की तिजोरी पर कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली में प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं, चौकीदार के रूप में बैठे हैं। इसलिए वहां कोई भी तिजोरी को नहीं छू सकता।
अन्याय के खिलाफ लड़ना आदिवासियों का स्वभाव
पीएम ने कहा कि अन्याय के खिलाफ लड़ना यहां के लोगों का स्वभाव है। दो सौ साल तक अन्याय के खिलाफ लड़ने वाला ऐसा समाज और किसी जगह नहीं मिलता। मोदी ने कहा, "मेरे लिए आपके शब्द सौगात हैं। आपकी भलाई के लिए मेरी यह पूरी जिंदगी खप जाए। मेरा यह जीवन, यह शरीर, यह पद व यह प्रतिष्ठा गरीब आदिवासियों के कल्याण के काम आए। आप मुझे यह आशीर्वाद दें, ताकि जीवन भर मैं आपकी सेवा व कल्याण में लगा रहूं।" उन्होंने कहा कि झारखंड में इतनी ताकत है कि यह यहां के अलावा देश के नौजवानों को रोजगार दे सकता है।
पीएम ने कांग्रेस पर आदिवासियों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज भगवान राम के जमाने में भी था। लेकिन कांग्रेस पार्टी को इसकी जानकारी नहीं थी। कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया। लेकिन भाजपा की सरकार ने आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय बनाया। अलग मंत्री नियुक्त किया।
झूठ बोलने के लिए हर रात मीटिंग करते हैं विरोधी
पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षियों को मेरे खिलाफ कोई मुद्दा नहीं मिल रहा। वे रात में हर राेज मीटिंग करते हैं कि अगली सुबह जनता से क्या झूठ बोला जाए। कैसे उसे बेवकूफ बनाया जाए। विपक्ष कह रहा है कि मोदी आदिवासियों की जमीन ले रहे हैं। इस देश में कोई माई का लाल ऐसा पैदा नहीं हुआ है कि वो आदिवासियों का हक छीन सके। कांग्रेस को जनता ने अब नकार दिया है। महाराष्ट्र व राजस्थान में आदिवासियों ने कांग्रेस को नकार दिया है। मध्य प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ के आदिवासी तो कांग्रेस को लगातार नकार रहे हैं।
आदिवासियों को पहले बनाना होगा मजबूत
पीएम ने आदिवासियों को विश्वास दिलाया कि उनके कल्याण से ही देश का कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों के हितों का पूरा ख्याल रख रही है। उन्होंने कहा कि देश की मजबूती के लिए सवा सौ करोड़ देशवासियों को मजबूत होना होगा। इसके लिए जंगलों में रहने वाले आदिवासियों को पहले मजबूत होना पड़ेगा।
जनता से मांगा पूर्ण बहुमत
पीएम ने कहा कि झारखंड में चार चरणों के दौरान हुए भारी मतदान से पता चल रहा है कि बहुत सालों बाद राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने जनता से पांचवें व अंतिम चरण में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने की अपील की।
बरहेट में भी सभा
इससे पहले प्रधानमंत्री करीब सवा ग्यारह बजे विशेष विमान से राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से हेलिकॉप्टर से दुमका के लिए रवाना हुए। दुमका में सभा के बाद वह साहेबगंज के बरहेट में भी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
दुमका और बरहेट से चुनाव लड़ रहे सीएम
दुमका और बरहेट, दोनों सीटों पर झामुमो उपाध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के मुख्य मुकाबले में पिछड़ने के बाद भाजपा के समक्ष हेमंत सोरेन ने मोर्चाबंदी कर रखी है। वे लगातार प्रधानमंत्री पर निशाना भी साध रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अब तक हुई सभाओं में भी पहला निशाना झामुमो नेतृत्व रहा है।
झामुमो ने भी अपनी पूरी ऊर्जा यहां लगा रखी है। मोदी की रैली ने पार्टी के रणनीतिकारों को सतर्क कर दिया है। वैसे, झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य इसे भाजपा की बौखलाहट करार देते हैं। उनका दावा है कि मोदी का बार-बार आकर प्रचार करना यह प्रमाणित कर रहा है कि कोई लहर नहीं चल रही है।
आगे देखें सभा से जुड़े PHOTOS...
PHOTOS : Dushyant Kumar.