रांची। झारखंड प्रदेश राजद अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह को हटाया जायेगा। राजद सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद विधानसभा चुनाव में संगठन के कामकाज से नाराज हैं। इसलिए प्रदेश अध्यक्ष पर गाज गिर सकती है। राजद विधायक दल की नेता अन्नपूर्णा देवी को प्रदेश राजद की कमान सौंपी जा सकती है।
राजद इस विधानसभा चुनाव में खाता भी नहीं खाल पायी थी। वहीं उसके सभी पांच विधायकों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद बीमार होने के बाद भी झारखंड विधानसभा में करीब 20 सभाएं की थी। लेकिन धरातल पर संगठन नहीं होने की वजह से राजद का आधार वोट बैंक भी उसके साथ नहीं रहा था।
प्रदेश राजद अध्यक्ष को हटाने की कार्रवाई इस महीने ही की जानी थी। लेकिन बिहार में सत्ता संघर्ष शुरु होने की वजह से लालू प्रसाद झारखंड मामले पर फैसला कुछ दिनों के लिए टाल दिया है।