रांची। रांची यूनिवर्सिटी समेत राज्य के पांचों विश्वविद्यालय को शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन मद में सरकार ने दो माह से राशि नहीं दी है। इससे शिक्षाकर्मियों में आक्रोश है। सोमवार को फुटाज अध्यक्ष डॉ. बब्बन चौबे, सीनेट सदस्य डॉ. मिथिलेश, एसएम अब्बास, डॉ. एलके कुंदन, डॉ. हरि–म पांडेय ने इसके लिए उच्च शिक्षा निदेशालय को सीधे तौर पर जिम्मेवार ठहराया है। कहा है कि निदेशालय अपने दायित्व निर्वहन में असफल रहा है। दिसंबर और जनवरी का वेतन नहीं मिला है। वहीं फरवरी नो दिन बीत जाने के बाद भी वेतन के संबंध में अता-पता नहीं है।
शिक्षकों ने कहा कि इसके लिए विवि प्रशासन भी अपनी जवाबदेही नहीं बच सकता है। विवि प्रशासन को यह बताना होगा कि समय पर वेतन के लिए अब तक क्या प्रयास किया गया है। शिक्षकों ने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें प्रत्येक माह समय पर वेतन मिले। कहा कि इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की घोषणा की जाएगी।