रांची/खूंटी। झारखंड के घाेर नक्सल प्रभावित जिले खूंटी के रनिया प्रखंड के मैदान पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत रविवार को सौहार्दपूर्ण वॉलीबॉल मैच खेला गया। इस मैच में डीजीपी राजीव कुमार के नेतृत्व में खेल रही जैप वन की टीम विजयी रही। ग्रामीण युवकों के मुकाबले जैप वन की टीम थी। मैच का आकर्षण डीजीपी राजीव कुमार थे।
डीजीपी रहे मैच के परिणाम में निर्णायक
सर्विस के साथ अंतिम छोर का मोर्चा संभाल रहे डीजीपी मैच के परिणाम में निर्णायक रहे। मजे की बात तो यह रहा कि विजयी टीम के खिलाड़ियों को डीजीपी ने पुरस्कार के रूप में खस्सी प्रदान किया। पराजित टीम के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि से संतोष करना पड़ा। इसमें प्रखंड प्रमुख बिराज मुनि सुरीन सहित सभी सात पंचायत की मुखिया की भूमिका उल्लेखनीय रहा।
भटके युवकों से समाज की मुख्यधारा में आने की अपील
डीजीपी राजीव कुमार ने कहा कि समाज से भटके युवकों का मुख्यधारा में शामिल होने के लिए हमेशा स्वागत है। इनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रोत्साहन नीति को और प्रभावशाली बनाए जाने पर सरकार विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि शराब व जुआ के खिलाफ प्रशासन व पुलिस शीघ्र अभियान शुरु करेगा। उन्होने कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित खूंटी के एसपी अनीश गुप्ता व एसडीओ रमेश घोलप को संयुक्त टीम बनाकर इस दिशा में कार्य करने को कहा।
ग्रामीणों का हुआ चेकअप, दी गई दवाएं
मौके पर मौजूद डॉक्टरों की टीम ने 369 ग्रामीणों का चेकअप किया। कई का पैथोलॉजिकल टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया। लोगों को दवाएं भी दी गई। इसके अलावा ग्रामीणों के बीच 200 कंबल, 200 तौलिया, 300 पेंसिल बॉक्स, फुटबॉल, जर्सी और हॉकी स्टीक बांटे गए।
जो रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीजीपी आपरेशन अनिल पाल्टा, रांची जोन आइजी एमएस भाटिया, खूंटी एसपी अनीश गुप्ता, एएसपी आपरेशन पीआर मिश्र, एसडीएम रमेश घोलप, एसडीपीओ तोरपा अनुदीप सिंह, प्रशिक्षुयान डीएसपी
रणवीर सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
आगे की स्लाइड्स में देखें खेल और इस खबर से जुड़ी और तस्वीरें -
फोटो : अनिमेष नचिकेता।