रांची। राज्य में विवाह निबंधन के लिए फीस के साथ घूस के लिए अलग से राशि चुकानी पड़ती है। कचहरी चौक स्थित मैरेज रजिस्ट्रेशन काउंटर में खुले आम घूस लिया जाता ह। हर आवेदक से 500 रुपए ज्यादा लिया जाता है। आम लोगों को फीस के बारे में न तो पता होता है और न ही उन्हें फीस की रसीद मिलती है। इसलिए फॉर्म जमा करते समय क्लर्क द्वारा जो रकम मांगा जाता है, लोग उतनी ही राशि उन्हें दे देते हैं।
अगर कोई पूछताछ करता है, तो क्लर्क द्वारा यह कहकर बात को टाल दिया जाता है, कि 500 रुपए स्टेशनरी खर्च है। जबकि आवेदक को ही सभी प्रमाण पत्रों की फोटो कॉपी, अन्य जरूरी कागजात आवेदन के साथ एक फाइल में डालकर टैग लगाकर जमा करने को कहा जाता है।
लोगों का कहना है कि दलालों की चंगुल से निकलने के लिए वे खुद ही काउंटर पर आवेदन जमा करते हैं, लेकिन यहां भी खुले आम ज्यादा पैसा लिया जा रहा है। प्रतिदिन करीब २० शादी का निबंधन यहां होता है। इस तरह से १०,००० रुपए प्रतिदिन यहां एक्सट्रा कमाई हो रहा है।
क्या है फीस :
विवाह के ६० दिन के अंदर : ५७५.०० रुपए
विवाह के ६० दिन के बाद और एक साल के अंदर : ८२५ रुपए
विवाह के एक वर्ष बाद और दो वर्ष के अंदर : ९५० रुपए
विवाह के दो साल के बाद : ९५० रुपए के साथ ५० रुपए प्रति वर्ष।