पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वीसी समेत अन्य अधिकारियों को बनाया बंधक

वीसी समेत अन्य अधिकारियों को बनाया बंधक

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची। रांची यूनिवर्सिटी मुख्यालय में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता केसीबी कॉलेज के प्राचार्य को पद से तत्काल हटाने और कॉलेज में बेसिक सुविधाएं मुहैया कराने की मांग कर रहे थे।
वीसी डॉ. एम रजीउद्दीन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस मामले की जांच कर ली गई है। रिपोर्ट तैयार किया जा रहा है। सीसीडीसी आज अवकाश पर हैं। रिपोर्ट मिलते ही समुचित कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शनकारियों को पता चला कि सीडीडीसी अपने कार्यालय में हैं। इसके बाद आक्रोशित छात्रों ने वीसी समेत अन्य अधिकारियों को प्रोवीसी के कार्यालय में बंद कर ताला जड़ दिया। तब प्रॉक्टर डॉ. दिवाकर मिंज, डीएसडब्ल्यू डॉ. एससी गुप्ता और रजिस्ट्रार भी प्रोवीसी कार्यालय में थे।
मौके पर सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस पहुंची। तीन घंटे के बाद विवि अधिकारियों द्वारा समुचित कार्रवाई करने का आश्वासन देने के बाद छात्रों ने ताला खोल दिया। प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से महानगर मंत्री शशांक राज, आशुतोष सिंह, नीतीश भारद्वाज, राजीव रंजन, आकाश सिंह, वैभव पांडेय, विवेक, प्रेम प्रकाश समेत अन्य कार्यकर्ता थे।

छात्राओं से भी लिया जाता है शुल्क

एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने केसीबी कॉलेज के प्राचार्य से छात्राओं से शिक्षण शुल्क लेने का आरोप लगाया। इसका प्रमाण भी मिला है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जांची टीम के समक्ष कॉलेज प्रबंधन ने गलती स्वीकार की है। इसके बाद उन्हें पद बने रहने का अधिकार नहीं है। तीन दिन पहले प्राचार्य ने अपने समर्थन वहां के स्टूडेंट्स को भेजा था। कॉलेज की अनियमितताओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराने के बाद कॉलेज प्रबंधन द्वारा धमकी दी जाती है।

20 दिन की मोहलत

आरयू प्रशासन ने इस मामले में समुचित कार्रवाई के लिए प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं से २० दिन का समय मांगा है। इस पर एबीवीपी कार्यकर्ता तैयार हो गए। महानगर मंत्री शशांक राज ने कहा कि २० दिन में कॉलेज प्रबंधन पर लगाए आरोपों पर कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए आरयू प्रशासन जिम्मेवार होगा।