रांची। जिले में 17 से 19 फरवरी तक एकबार फिर लगान जमा करने के लिए विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। यह आदेश उपायुक्त विनय कुमार चौबे ने दी। उन्होंने कहा कि उक्त तिथियों को सभी तहसील कार्यालयों में कर्मचारी मौजूद रहें और लगान जमा करें।
चौबे सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले में चल रही विकास योजनाओं तथा कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक कर रहे थे। समीक्षा के क्रम में मनरेगा,ऑनलाइन दाखिल खारिज, बायो मीट्रिक जन वितरण प्रणाली, वृद्धा पेंशन, निर्वाचन सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। कहा कि बायो मीट्रिक आधारित जन वितरण प्रणाली के लिए सभी प्रखण्ड एक बार पुनः २२ फरवरी को प्रखण्ड स्तरीय आधार सीडिंग के लिए अभियान चलाने, जिन प्रखंडों में सभी लाभुकों का डिजिटलाइजेशन कार्य पूर्ण किया जा चुका है, उनका आधार सीडिंग एवं वेरिफिकेशन का कार्य भी पूर्ण कराएं।
बुंडू, मांडर, सिल्ली, नामकुम, तमाड़ को छोड़कर अन्य सभी प्रखंडों में डिजिटलाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके लिए बीडीओ को नजर रखने को कहा गया है। ऑनलाइन म्युटेशन के संबंध में सभी सीओ को निर्देश दिया है कि वे शून्य प्लॉटों की खोजने का कार्य अब बंद करें। अंचलों में दाखिल खारिज के मामले लंबित न रखें उन्हें समय सीमा के अंदर निष्पादित करें। उपायुक्त ने सभी सीओ से गैर मजरुआ ,खास तथा लीज दी गई जमीन के भौतिक सत्यापन के साथ विस्तृत रिर्पोट मांगी है।
इस बैठक में एन ईपी के निदेशक रामलखन गुप्ता, आइ टीडी निदेशक जगजीत सिंह, एसडीओ बुंडू
संदीप सिंह, एसडीओ सदर अमित कुमार, एसओआर अशोक कुमार सिंह, जिला कल्याण पदाधिकारी, नीरज कुमारी,उप निर्वाचन पदाधिकारी गीता चौबे, एलआरडीसी संजय कुमार, डीएएलओ सुरजीत कुमार सिंह समेत अन्य अफसर व बीडीओ, सीओ शामिल हुए।