पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दिलो दिमाग को तरोताजा कर रहा है राजभवन उद्यान

दिलो दिमाग को तरोताजा कर रहा है राजभवन उद्यान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
डीबी स्टार रांची
राजभवन का उद्यान राजधानीवासियों को लगातार आकर्षित कर रहा है। यहां घूमने आने वालों लोगों की भीड़ हर दिन उमड़ रही है। सोमवार को भी करीब २० हजार से अधिक लोगों ने राजभवन उद्यान का दर्शन किया। राजभवन में खिले नौ हजार से अधिक गुलाब के फूलों की सुगंध लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। रविवार को तो राजभवन के फूलों की बाग देखने के लिए लोगों की इतनी अधिक भीड़ उमड़ी की राजभवन को जोड़ने वाले सभी मार्ग पर जाम की स्थित उत्पन्न हो गई। राजभवन परिसर में अकबर उद्यान, अशोक उद्यान, महात्मा गांधी औषधीय उद्यान और मूर्ति गार्डेन में विभिन्न किस्मों के फूलों के पौधे, औषधीय पौधे, रुद्राक्ष व कल्पतरु, पीला बांस पेड़ आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं। यही कारण है कि पहली बार राजभवन उद्यान आनेवाले लोग इसकी तारीफ करते नहीं थक रहे।

दिलों दिमाग को ताजा कर रहा उद्यान
बसंती मौसम में राजभवन उद्यानों का दीदार यहां आने वाले लोगों के दिलों-दिमाग को तरोताजा कर रहा है। यहां बच्चे-बूढ़े-युवा सभी वर्ग के लोग कुनकुनी धूप में बाग-बगीचों को निहारते और इन पलों को कैमरे में कैद करते नजर आते हैं। हर तरह के पेड़-पौधे, सुंदर खिले गुलाब, म्यूजिकल फाउंटेन, मन को सुकून देनेवाले इन कुदरती तोहफों को लोगों ने जी भर कर निहारा। सिर्फ राजधानी ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों से भी कई लोग उद्यान भ्रमण के लिये आ रहे हैं। सुबह १० बजे से ही उद्यान घूमने के लिये लोगों की लंबी लाइन लग रही है। लोगों को शांति और सुंदरता के साथ-साथ राजभवन की व्यवस्था भी भा रही है।
क्या लुभा रहा लोगों को
राजभवन के उद्यान में गुलाब फूल की २०० से अधिक प्रजातियों के १० हजार से अधिक पौधे लगे हुए हैं। उद्यान में लोगों को एटॉल, श्वेत, सारिका, राजेन्द्र प्रसाद, पैराडाइज, सुगंधा, अमेरिकन हेरिटेज सहित अन्य प्रजातियों के गुलाबों की सुगंध मिल रही है। इसके अलावा राजभवन उद्यान में लगाए गए म्यूजिकल फाउंटेन में वाटर का करतब लोगों को रिझा रहा है। साथ ही दालचीनी, कपूर, लौंग, रुद्राक्ष सहित अन्य पौधों को देख पा रहे है। रविवार होने के कारण हजारों की संख्या में युवक-युवती, महिला, पुरुष और बच्चों का काफिला राजभवन के गुलाब को देखने पहुंचा।
कतार में प्रवेश कर रहे थे लोग
सोमवार को भी हजारों की संख्या में युवक-युवती, महिला, पुरुष और बच्चों का काफिला राजभवन के गुलाब को देखने पहुंचा। राजभवन में प्रवेश करने के लिए लोगों को लंबी लाइन लगनी पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था की मुस्तैदी के कारण लोगों को गेट के अंदर कतार में ही जाने की अनुमति दी जा रही थी। जैसे-जैसे दिन गुजर रहा था लोगों की भीड़ बढ़ती ही जा रही थी। राजभवन का द्वार बंद होने के बाद भी कुछ लोग अंदर प्रवेश करने के लिए पुलिस की चिरौरी करते दिखे। मालूम हो कि १५ फरवरी तक राजभवन का द्वार खुला रहेगा। इसके बाद आम लोग राजभवन के गुलाब और विभिन्न प्रजातियों के फूलों का दीदार नहीं कर पाएंगे।