रांची। युवतियों के साथ सैक्सुअल हरासमेंट करने के आरोपी सुनील सिंह और यामिनी को रांची के गोंदा थाना पुलिस ने सोमवार की शाम गिरफ्तार कर लिया है। यामिनी को महिला थाना में रखा गया है, जबकि सुनील सिंह को गोंदा थाना में रखा गया है। सुनील पटना के विक्रम का रहनेवाला है। रांची में वह तुपुदाना इलाके में किराए पर रहता है। दोनों आरोपियों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
रॉक गार्डेन में पकड़े गए
दोनों रॉक गार्डेन से तब पकड़े गए जब वे लोग प्रिया झा नामक युवती की तसवीर ले रहे थे। इससे पहले प्रिया को ब्यूटी कॉन्टेस्ट में शामिल करने के लिए रविवार को राजधानी के मेन रोड स्थित सरताज होटल में बुलाया गया था। वहां लंबे समय तक प्रिया का इंटरव्यू लिया गया। उसी वक्त उसे महसूस हुआ कि वह झांसा दे रहा है। उसे कहा गया था कि तुम्हें मिस इंडिया बनवा दिया जाएगा।
क्या है मामला
पिछले छह महीने से आरोपी सुनील और यामिनी रांची में लड़कियों को ब्यूटी कॉन्टेस्ट के लिए आमंत्रित करते थे। इसमें चार-पांच लड़कियों को वह चुनता था, फिर कम कपड़ों में शूटिंग करता था। कम कपड़ों वाली फोटो का वह एमएमएस बनाकर युवतियों की ब्लैकमेलिंग करता था। इसका खुलासा सोमवार को तब हुआ जब सदर डीएसपी सत्यवीर सिंह ने दोनों आरोपियों के साथ सख्ती से पूछताछ की। मिस इंडिया इंटरनेशनल वर्ल्ड वाइड की प्रतिभागी प्रिया कुमार झा ने सुनील पर गलत व्यवहार का आरोप लगाया है।
महिला आयोग में लड़की ने लगाई गुहार
प्रिया ने सोमवार को महिला आयोग के कार्यालय पहुंचकर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की। कहा कि फोटो शूट कर गलत काम के लिए इस्तेमाल किया। महिला आयोग की अध्यक्ष महुआ माजी और सदस्य किरण कुमारी ने प्रिया की बात सुनने के बाद उसे महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज करने को कहा। माजी ने झारखंड के डीजीपी राजीव कुमार से इस संबंध में कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
आगे की स्लाइड्स में देखें संबंधित तस्वीरें -
फोटो : रमीज।