रांची। जल संसाधन विभाग कम पानी वाले नदी बेसिन के लिए पानी की व्यवस्था को लेकर वृहत कार्य योजना पर काम कर रही है। जिसके तहत ज्यादा पानी वाले नदी बेसिनों से पानी को कम पानी वाले बेसिन में पानी को डायवर्ट किया जाएगा।
खासतौर पर स्वर्णरेखा और दामोदर-बराकर नदी बेसिनों में कम पानी की उपलब्धता को लेकर सरकार चिंता में है। इन नदी बेसिनों के किनारे कई कंपनियों ने उद्योग लगाने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन इन बेसिनों में पहले से कम पानी होने के कारण जल संसाधन विभाग ने उद्योग के लिए पानी देने से साफ मना कर दिया। लेकिन खनिजों की दृष्टि से समृद्ध इन क्षेत्रों में उद्योग नहीं लगने का नुकसान झारखंड को ही उठाना पड़ेगा।
इसलिए सरकार वैकल्पिक व्यवस्था करने में लगी है। हालांकि नदी बेसिनों से पानी काल स्थानांतरण करने से पहले पानी को प्रदूषण मुक्त किया जाएगा साथ ही पर्यावरणीय परिस्थिति का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। जल संसाधन विभाग में मंत्री की नियुक्ति होने के बाद इन योजनाओं पर अमल करने का काम शुरु हो सकता है।