रांची। झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ ने कहा है कि पथ निर्माण विभाग और जल संसाधन विभाग में सभी स्तर पर अभियंताओं के पद रिक्त हैं इसके बाद भी प्रोन्नति का मार्ग अवरुद्ध है। जिन्हें नियमित प्रोन्नति दी गयीं वे भी पदस्थापन की प्रतीक्षा में चातक बन गए हैं। कुछ तो पदस्थापन की आशा में सेवानिवृत भी हो गए और कुछ काल के गाल में समा गए।
संघ के अध्यक्ष शिवानंद राय और महासचिव सतीश चंद्र चौधरी ने विभाग में नियम विरुद्ध प्रोन्नति और प्रभारियों के पदस्थापित किये जाने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा है कि अभियंताओं को प्रोन्नति न देकर राज्य के विकास को पीछे धकेलने का काम किया जा रहा है।
संघ ने एक व्यक्ति एक पद के नियम को लागू करने, रिक्त पदों पर नियमित प्रोन्नति देने, पदस्थापन की प्रतीक्षा वाले सभी अभियंताओं का तुरंत पदस्थापन करने की मांग की है। संघ ने यह भी कहा है कि ग्रामीण कार्य विभाग, पंचायती राज, जिला परिषद आदि में वरीयता में कनीय स्तर के अभियंताओं को उच्चतर प्रभार दिया जाना भी भ्रष्ट आचरण का पुख्ता प्रमाण है।