खादी मेले में विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दल देंगे अपनी प्रस्तुति
रांची। झारखंड राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष जयनंदू ने कहा है कि जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं ठीक वैसे-वैसे खादी मेले में लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ती जा रही है। उसका मूल कारण देश के कोने.कोने से आये खादी उत्पादकों द्वारा लगाया गया स्टॉल। उन्होंने बताया कि मेले में असम, राजस्थान, ओड़िशा, महाराष्ट्र और अन्य प्रान्तों से सांस्कृतिक कर्मियों के दल पहुंचने शुरु हो गए हैं। जिसमें ओड़िसा और असम के सांस्कृतिक कर्मियों का दल गुरुवार को खादी मेले में अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा। मंगलवार को दिव्यांग धनंजय द्वारा दी गयी प्रस्तुति की सभी ने सराहना की।
खादी मेले में ४ करोड़ रुपये से अधिक का व्यवसाय
उन्होंने बताया कि इस खादी मेले में निरंतर भीड़ बढ़ती जा रही है। अब तक इस खादी मेले में ४ करोड़ रुपये से अधिक का व्यवसाय हो चुका है, जिस प्रकार से खादी मेला चल रहा है, और लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है, उससे लगता है कि इस वर्ष का खादी मेला पिछले सारे रिकार्डों को ध्वस्त कर देगा। पहली बार देखा गया कि पहले फेज से ही मेले में बिक्री बढ़ गई जबकि पूर्व में ऐसा नहीं देखा गया। खरीदारों में भी उत्साह है उपभोक्ताओं में भी इसी प्रकार का उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि चक्रपाणि वर्ल्ड स्कूल ऑफ म्यूजिक के चक्रपाणि सिंह ने भी रांची खादी मेले में आने की सहमति दे दी है। चक्रपाणि सिंह का कार्यक्रम रांचीवासियों के लिए देखने लायक होगा।