राजधानी में १२ से आरोग्य मेला, फ्री होगी इंट्री
रांची : रांची में १२ से १५ फरवरी तक राष्ट्रीय स्तर का आरोग्य मेला लगेगा। इसमें भारतीय मेडिसिन को प्रमोट किया जाएगा। मेला सुबह १० बजे से रात ८ बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इंट्री मुफ्त होगी। डॉक्टर फ्री में काउंसलिंग देंगे और बीमारियों के घरेलू उपचार भी बताएंगे। लाइव योगा भी होगा। इस दौरान आयुष के मेडिसिन, हर्बल उत्पाद व मेडिशनल प्लांट का डिस्प्ले किया जाएगा। इनकी बिक्री भी की जाएगी। कुछ सेलेक्टेड आयुष मेडिसिन बांटे भी जाएंगे। मेले का आयोजन सेंट्रल मिनिस्ट्री ऑफ आयुष और झारखंड सरकार के स्वास्थ्य व मानव कल्याण विभाग और इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से किया जा रहा है। आरोग्य मेले में देश के विभिन्न भागों से आयुष ड्रग मेन्यूफैक्चरर्स, हेल्थ केयर मेन्यूफैक्चरर्स व हेल्थ फूड प्रोड्यूसर शिरकत करेंगे। यह जानकारी बुधवार को स्वास्थ्य विभाग, झारखंड के विशेष सचिव मनोज कुमार ने मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि राज्य के लोगों के बीच आयुष को प्रमोट करना है। अन्य जिलों में भी इस तरह के मेले का आयोजन किया जाएगा। इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि सुजॉय घोष ने कहा कि झारखंड में यह पहला आरोग्य मेला है।