रांची। कौशल विकास मंत्री राज पालिवार ने कहा कि युवाओं को स्किल्ड होने से झारखंड समृद्ध होगा। प्रत्येक व्यक्ति में खास हुनर होता है। इसे पहचाने और बेहतर ढंग से तरासने की आवश्यकता है। वे गुरुवार को रांची यूनिवर्सिटी के आर्यभट्ट ऑडिटोरियम में सर्टिफिकेट एवार्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेरेमनी में शामिल होने आए स्टूडेंट्स को संबोधित कर रहे थे।
टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइंसेस (टीआईएसएस) और नेशनल स्किल डेवलमेंट एजेंसी के तकनीकी सहयोग से इस कोर्स का संचालन हो रहा है। आरयू के चार कॉलेजों में स्किल सर्टिफिकेट कोर्स की पढ़ाई होती है। इन कॉलेजों के फर्स्ट और सेकेंड टॉपरों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्षता वीसी डॉ. रमेश कुमार पांडेय ने की।
खेल सचिव आरपी सिंह ने कहा कि स्किल्ड लोगों की डिमांड देश भर में है। इससे पहले अतिथियों का स्वागत रजिस्ट्रार डॉ. अमर कुमार चौधरी और संचालन डॉ. कमल बोस ने किया।
स्किल्ड कोर्स संचालित करने वाले के प्राचार्य डॉ. यूसी मेहता, प्रिंसिपल डॉ. मंजू सिन्हा, प्रिंसिपल सिस्टर डॉ. ज्योति और मारवाड़ी कॉलेज के प्रिंसिपल के प्रतिनिधि डॉ. विनय भरत को सम्मानित किया गया।
एजुकेशन सिस्टम और इंडस्ट्री में है गैप : प्रधान सचिव
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि हायर एजुकेशन सिस्टम और इंडस्ट्री के बीच बड़ा गैप है। इसका बड़ा वजह है कि उद्योग जगत का डिमांड के अनुसार स्टूडेंट्स को स्किल्ड नहीं कर रहे हैं। इनकी आवश्यकता को ध्यान में रखकर कोर्स का डिजाइन करने से ही लक्ष्य की प्राप्ति कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में 127 कॉलेज है। इसमें 65 अंगीभूत है। सरकार चाहती है तक राज्य के सभी कॉलेजों में इस तरह का स्किल्ड कोर्स शुरू हो। सरकार पैसे की कमी नहीं होने देगी। आप जितना मांगेगे, उससे अधिक राशि विभाग देने के लिए तैयार है। सिर्फ बेहतर परिणाम मिलना चाहिए। दो प्रतिशत लोग ही स्किल्ड हैं, यह चिंता का विषय है। इसे 80 प्रतिशत तक ले जाकर ही मेक इन इंडिया का सपना पूरा कर सकते हैं। चार सौ युवाओं को स्किल्ड सर्टिफिकेट वितरण समारोह में भाग लेकर मुझे खुशी हो रही है। अब मुझे लग रहा है कि विभाग द्वारा दी गई राशि सार्थक खर्च हुआ है।
डेवलमेंट के लिए स्किल्ड जरुरी
वीसी डॉ. रमेश कुमार पांडेय ने कहा कि विकास और लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युवाओं को स्किल्ड करना जरुरी है। इस दिशा में रांची विवि द्वारा समुचित कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में रांची विवि के सभी कॉलेजों में स्किल कोर्स की पढ़ाई होगी। इसमें टीआईएसएस से टेक्निकल सपोर्ट लिया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक छात्रों को स्किल्ड किया जा सके। उन्होंने में समारोह में सर्टिफिकेट पाने वाले सभी स्टूडेंट्स को बधाई दी। कहा कि मुझे विश्वास है कि आप लोग रांची विवि का नाम रोशन करेंगे।
इन टॉपरों को मिला मेडल
मारवाडी़ कॉलेज के टॉपरों में प्रदीप कुमार, गौरव सिंह, वीमेंस कॉलेज की कुमारी श्रृष्टि, गजाला परवीन, रांची कॉलेज अभिषेक कुमार, खुशबू तिग्गा फर्स्ट और सेकेंड टॉपर हैं। इन्हें मंत्री और सचिव मेडल सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। इस कोर्स की पढ़ाई पूर्व वीसी डॉ. एलएन भगत के कार्यकाल के समय शुरू हुई थी। इसलिए डॉ. भगत विशेष रुप से आमंत्रित किया गया था। इस कोर्स को शुरू कराने के लिए अतिथियों ने डॉ. भगत की प्रशंसा भी की।
थर्ड टॉपर को नहीं मिला मेडल
समारोह में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चारों कॉलेजों के थर्ड टॉपर को भी मेडल दिया जाना था। लेकिन थर्ड रैंक में बराबर मार्क्स लाने के कारण स्टूडेंट्स की संख्या बढ़ गई। इस कारण थर्ड टॉपर को मेडल बाद में दिया जाएगा। वहीं समारोह निर्धारित समय से 1.15 घंटे विलंब से शुरू हुआ। मंत्री के आने का इंतजार वीसी, विवि अधिकारी और सचिव कर रहे थे।