फोटो: रिलांयस इंडस्ट्री के प्रमुख मुकेश अंबानी से मुलाकात करते सीएम रघुवर दास।
रांची। मुंबई के वर्ली स्थित एनएससीआई सभागार में देश के पहले मेक इन इंडिया वीक के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास भी पहुंचे। यहां उन्होंने उद्योगपतियों से आग्रह किया कि झारखंड की धरती और राज्य सरकार निवेशकों के अनुकूल वातावरण के साथ उनके स्वागत के लिए तत्पर हैं।
'निवेशकों के लिए सारी सहूलियतें दी जा रही है'
सीएम ने कहा- निवेशक राज्य में उद्योग लगाएं। इससे व्यवस्था बदलेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि निवेशक झारखंड आएं, उनका राज्य में स्वागत है। खनिज संपदा से संपन्न झारखंड में निवेशकों के लिए सारी सहुलियतें दी जा रही है। समारोह के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का झारखंड की परम्परा के अनुसार पुष्प गुच्छ और शाॅल दे कर स्वागत किया ।
मुकेश अंबानी सहित कई हस्तियों ने सीएम से की मुलाकात
उद्घाटन समारोह के बाद प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ झारखंड पवेलियन का परिदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने झारखंड सरकार की विकासमूलक कार्यों को सराहा। इस अवसर पर रिलांयस इंडस्ट्री के प्रमुख मुकेश अंबानी तथा कुमार मंगलम बिड़ला सहित कई औद्योगिक घरानों के प्रमुखों ने भी झारखंड के मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विस्तार से निवेश की संभावनाओं पर बात की।
17 राज्यों के मुख्यमंत्री ने की शिरकत
मुंबई के वर्ली स्थित एनएससीआई सभागार में आज से शुरू देश के पहले मेक इन इंडिया वीक आयोजन में स्वीडन , फिनलैंड ,पोलैंड समेत कई देशों के प्रमुख और भारत के 17 राज्यों के मुख्यमंत्री शिरकत कर रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 17 फरवरी को झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास निवेशकों के साथ सीधा संवाद करेंगे।
फोटो: पवन कुमार।