पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बांग्लादेश पर्यटन बोर्ड के सीईओ ने कहा, झारखंड में है अभूतपूर्व क्षमता

बांग्लादेश पर्यटन बोर्ड के सीईओ ने कहा, झारखंड में है अभूतपूर्व क्षमता

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची। बांग्लादेश पर्यटन बोर्ड के सीईओ अख्तरुज्जमां खान कबीर ने कहा है कि भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कोने-कोने में झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता की गूंज सुनाई दे रही है। प्रकृति ने जिस करीने से झारखंड को सहेजा है, उसकी मिसाल कम ही देखने को मिलती है। अख्तरुज्जमां खान कबीर दिल्ली त्यागराज स्टेडियम में तीन दिवसीय ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर के उद्घाटन के मौके पर लोगों को संबोधित कर रहे थे।
राज्य भ्रमण की इच्छा व्यक्त की
उन्होंने झारखंड के स्टॉल का अवलोकन करते हुए कहा कि वे बिहार में बोध गया और झारखंड में पारसनाथ जाने की इच्छा रखते हैं। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही झारखंड में एक पर्यटक के रूप में आने की कोशिश करेंगे। इस मौके पर चाइना नेशनल टूरिज्म ऑफिस के निदेशक डॉ. ली क्वियांगो ने भी झारखंड के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी ली और मौका मिलने पर राज्य के भ्रमण की इच्छा व्यक्त की।
झारखंड का स्टॉल बना आकर्षक का केंद्र
दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर में सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इस मेले में झारखंड की ओर से भी स्टॉल लगाया गया है, जो दिल्ली के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है। लोग झारखंड के सुरम्य पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारियां लेने के लिए एकत्र हो रहे हैं। पारसनाथ और बाबाधाम जैसे विशिष्ट धार्मिक स्थलों को लेकर तो लोग पूछताछ कर ही रहे हैं, साथ ही साथ बेतला नेशनल पार्क तथा नेतरहाट के विषय में भी जानकारियां हासिल कर रहे हैं।
जानिए ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर के बारे में
ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ) देश की प्रमुख ट्रैवल ट्रेड शो नेटवर्क है। इसकी शुरुआत वर्ष 1989 में हुई थी। हर साल मुम्बई, नयी दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे, गुवाहाटी तथा गोवा में ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर का आयोजन होता है। मेले में करीब दो लाख लोग शिरकत करते हैं। प्रतिवर्ष दुनिया के 79 देश तथा भारत के 36 राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 2500 प्रदर्शक इन मेलों में हिस्सा लेते हैं। इस बार झारखंड के स्टॉल पर ब्रांडिंग के लिहाज से कई अभिनव प्रयोग किए गए हैं। आकर्षक प्लेटफॉर्म तो तैयार किया ही गया है, साथ ही राज्य के पर्यटन स्थलों से जुड़े वीडियो भी बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित की जा रही है।
खबरें और भी हैं...