पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • नक्सली बंदी: बसों का परिचालन ठप, यात्री परेशान

नक्सली बंदी: बसों का परिचालन ठप, यात्री परेशान

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो: रांची के बस स्टैंड से नहीं निकलीं कई रूट की बसें।
रांची। पुलिस मुठभेड़ में अपने शीर्ष नक्सली नेता चिराग दा के मारे जाने से बौखलाए नक्सलियों ने सोमवार और मंगलवार को बिहार-झारखंड बंद का ऐलान किया है। बंद की वजह से झारखंड के कई जिलों में बसों का परिचालन ठप हो गया है। रांची से चाईबासा, सिमडेगा के लिए बसें नहीं चल रही हैं। इससे यात्री खासा परेशान हैं। इधर, रेलवे ने स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ट्रैकों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
पुलिस कर रही गश्ती
नक्सली बंदी को लेकर पुलिस मुख्यालय ने नक्सल प्रभावित जिलों को अलर्ट कर दिया है। खास कर बिहार से जुड़े गिरिडीह-कोडरमा जिले की सीमा क्षेत्र को ज्यादा सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिस यहां लगातार गश्ती कर रही है। उधर, बंदी का मुख्यालय के अलावा मुरहू, रनिया, तोरपा, तथा अड़की में व्यापक असर देखा गया। लोग पूरे दिन घरों में रहे।
कई जगह दुकानें बंद
सारंडा के किरीबुरू समेत चाईबासा के गोइलकेरा, सोनुआ, मनोहरपुर, आनंदपुर व बंदगाव बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। दुकानें बंद हैं और सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीण इलाकों में दिखा व्यापक असर
वहीं, पलामू में बंदी का शहरी इलाकों में जहां कम प्रभाव देखा गया, वहीं ग्रामीण इलाकों में इसका व्यापक असर रहा। जिला मुख्यालय से बड़े वाहनोंं का परिचालन नहीं हुआ। ग्रामीण इलाकों में तो छोटे वाहन भी नहीं चलाए गए। डिपो में सारी बसें खड़ी रहीं। बंदी का पांकी प्रखंड क्षेत्र में भी व्यापक असर देखने को मिला। बंद के दौरान पांकी, लोहरसी, तेतराई व अन्य प्रमुख बाजारों में दवा दुकानों को छोड़ अन्य सभी दुकानें पूर्णत: बंद रहीं।
कोयला परियोजनाओं पर पड़ा असर
इधर, चतरा जिले में बंदी का व्यापक असर देखा गया। पूरे जिले में वाहनों का संचालन पूरी तरह ठप रहा। यात्री बसें और मालवाहक वाहन नहीं चले। बंद का सबसे अधिक असर कोयलांचल पर पड़ा। टंडवा के आम्रपाली व मगध कोल परियोजना में प्रोडक्शन व ट्रांस्पोर्टेशन पूरी तरह से ठप रहा। टंडवा के पॉवर प्लांट का कार्य भी प्रभावित रहा। कोयला परियोजनाओं के बंद रहने से करीब दो करोड़ रुपए के नुकसान होने का अनुमान है।
बैंक भी रहा बंद
लातेहार में भी नक्सली बंदी का व्यापक असर देखा गया। रांची-डालटनगंज, रांची-चतरा राष्ट्रीय उच्च मार्ग सहित जिले के सभी सड़क मार्गों पर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। यात्री वाहनों के नहीं चलने से लोगों को काफी परेशानी हुई। हालांकि, इस दौरान छिटपुट बाराती वाहन चले। चंदवा प्रखंड के सिकनी में जेएसएमडीसी द्वारा संचालित सिकनी कोल प्रोजेक्ट, हिंडालको अनलोडिंग साइडिंग टोरी व रीचुघुटा के अलावा बालूमाथ प्रखंड में सीसीएल द्वारा संचालित तेतरियाखांड़ कोलियरी में कामकाज ठप रहा, जिससे सरकार को करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान है। इधर, बरवाडीह का एसबीआई, छिपादोहर का इलाहाबाद बैंक व बेतला का पीएनबी बैंक बंद रहा।
फोटो: राजीव गोस्वामी।