पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमेदिनीनगर/रांची। पलामू केपांकी हेरहंज रोड में बारूदी सुरंग विस्फोट लगाने के क्रम में घायल माओवादी गुदर भुईयां उर्फ महेन्द्र व सतरंगी भुईयां को पलामू पुलिस ने रांची से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी रांची के एक ख्याति प्राप्त चिकित्सक के एक क्लिनिक से हुई है। उक्त आशय की जानकारी पलामू एसपी अनूप टी मैथ्यू ने पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि चिकित्सक माओवादियों का इलाज गुप्त रूप से अपने क्लिनिक के पास एक अलग कमरे में कर रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर पीके मिश्रा व थाना प्रभारी महेश्वर प्रसाद रंजन के नेतृत्व में टीम रांची पहुंचकर माओवादी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि रांची के पंडरा फ्रेंड्स क्लिनिक के डॉक्टर डीसी भारती से भी पुलिस पूछताछ करेगी। पुलिस को बिना सूचना दिए बिना बम से घायल का इलाज करना कानूनन जूर्म है।
बम लगाने के क्रम में हुआ घायल
गिरफ्तार गुदर भुईयां तीन मई को पांकी हेरहंज रोड पर बारूदी सुरंग लगाते समय बम फटने से घायल हुआ था। इसके चार-पांच साथी भी घायल हुए थे। किंतू उन सभी को मामूली चोटें आईं। जबकि गुदर को पैर, जांघ, सीना व चेहरे पर गंभीर चोट लगी है, अभी उसे इलाज की जरूरत है। एसपी ने बताया कि सतरंगी भुईयां माओवादी के लिए काम करता है।
मेदिनीनगर में हुआ था प्राथमिक उपचार
एसपी ने बताया कि बम लगाते समय घायल सभी उग्रवादियों का प्राथमिक उपचार मेदिनीनगर के एक नर्सिंग होम में किया गया था। गिरफ्तार उग्रवादी के स्वीकारोक्ति बयान में इस बात का जिक्र है। जिस पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। जांचोपरांत कई तथ्य सामने आए हैं जिस पर पुलिस काम कर रही है। जांच के क्रम में बहुत बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। जो मेदिनीनगर से रांची तक उग्रवादियों की मदद करते हैं। एसपी ने बताया कि पांकी थाना के एक नेता व लोहरदगा के एक बड़े व्यवसायी के बारे में पता चला है जो नक्सलियों के मददगार हैं। पुलिस उनदोनों से पूछताछ कर रही है। इनपर कार्रवाई करने के लिए पुलिस ठोस सबुत जुटाने में लगी है।
जमीनी विवाद के कारण नक्सली बना था
गुदर भुईयां दो साल पूर्व माओवादी संगठन से जुड़ा था। अपने जमीन को पाने के लिए उसने माओवादी से हाथ मिलाया। पुलिस के समक्ष दिए बयान में गुदर ने बताया कि उसकी चार एकड़ भूमि को उसके ही गांव पासंगाम मनिका के मदन यादव ने हड़प लिया है। जबकि उसके पास सारे कागजात हैं। तब से आज तक वह माओवादियों के लिए काम कर रहा है। माओवादी के अग्रिम पंक्ति पलाटुन का हार्डकोर सदस्य है। एसपी ने बताया कि वह पुलिस के साथ में हुए मुठभेड़ में भी शामिल था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.