पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रांची में आईपीएल : ऑनलाइन बुकिंग कराने वालों को नहीं मिले टिकट

रांची में आईपीएल : ऑनलाइन बुकिंग कराने वालों को नहीं मिले टिकट

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची। आईपीएल के ऑन लाइन टिकट की बुकिंग करानेवाले रांची के दर्शकों को बुधवार को टिकट नहीं मिले। पहले से घोषित तिथि के अनुसार बुधवार से जेएससीए स्टेडियम के दो काउंटरों से उन दर्शकों को टिकट मिलने थे जिन्होंने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। लेकिन केकेआर के लिए टिकटों की बिक्री करने वाली एजेंसी ने काउंटर पर बुधवार को टिकट नहीं दिए। इस कारण कई दर्शकों को निराश लौटना पड़ा। एजेंसी का कहना था कि टिकट अब गुरुवार से मिलेंगे। इसी तरह रांची के कैफे कॉफी डे समेत कई सिनेमा हॉल से भी टिकट मिलने की घोषणा की गई थी। परंतु बुधवार को यहां से भी लोगों को टिकट नहीं मिले।


केकेआर के बाहर होने के बावजूद टिकटों के लिए मारामारी


केकेआर की टीम जब आईपीएल मैच के लिए अपने दूसरे होम ग्राउंड रांची पहुंचेगी तब तक प्लेऑफ मुकाबले के लिए उसकी संभावना खत्म हो चुकी होगी। केकेआर ने आईपीएल -6 में अबतक कुल 12 मैच खेले है जिसमें से उसे चार में जीत और आठ में हार मिली है। कुल आठ अंकों के साथ अंक तालिका में वह सातवें नंबर पर मौजूद है। घरेलू टीम के बाहर होने के बावजूद रांची के क्रिकेट प्रेमियों में बुधवार को टिकट के लिए काफी उत्साह देखा गया। काउंटर पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज भी करनी पड़ी। इसका एक कारण है रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम भी है। इस टीम में क्रिस गेल, विराट कोहली एबी डिविलियर्स जैसे कई धाकड़ खिलाड़ी हैं। कोलकाता टीम में भी गौतम गंभीर, युसूफ पठान, ब्रेट ली, जैक कैलिस जैसे कई नामी खिलाड़ी मौजूद हैं। इन सबके अलावा टीम के मालिक शाहरुख खान के भी रांची आने की पूरी संभावना है। इन्हीं कारणों से दर्शकों को मैच के दौरान भरपूर मनोरंजन होने की पूरी उम्मीद है।