पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राजभवन बन गया है कांग्रेस का दफ्तर, सलाहकार हैं कम्प्यूटर के माउस : प्रदीप यादव

राजभवन बन गया है कांग्रेस का दफ्तर, सलाहकार हैं कम्प्यूटर के माउस : प्रदीप यादव

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची। झाविमो के प्रधान महासचिव व विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने कहा कि राष्ट्रपति शासन के चार माह पूरे हो रहे हैं। मगर इतने दिनों के शासन में कहीं भी कोई परिवर्तन या काम होता नहीं दिख रहा है। इस चार माह के शासन में केवल लूट व कॉरपोरेट जगत के फाइलों को निबटाने के अलावे और कोई काम होता नहीं दिख रहा है। कांग्रेसी कार्यकर्ता ट्रांसफार-पोस्टिंग की जिला से लेकर प्रखंड तक बोली लगा रहे हैं, बारगेनिंग कर रहे हैं। कांग्रेसी ट्रांसफर- पोस्टंग का ठेका उठा रहे हैं और उनके इशारे पर एक-एक पदाधिकारी इधर से उधर किए जा रहे हैं।

राजभवन तो कांग्रेस का दफ्तर बन गया है जबकि दोनों सलाहकार कम्प्यूटर के माउस बन कर रह गए हैं, जैसा उनके आका आदेश देते हैं, वैसे दोनों काम कर रहे हैं। उक्त बातें यादव ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पहले तो अफसर अपने पोस्टिंग के लिए राज्य में पैरवी करते थे अब तो ये लोग दिल्ली में कांग्रेस के बड़े नेताओं की गणेश परिक्रमा करते फिर रहे हैं। राजभवन चार माह में एक भी एक ऐसा काम बता दे जो जनहित के लिए हुआ हो। मार्च के अंत में कुल 2448 करोड़ की निकासी हुई मगर यह पैसा कहां गया, कहां खर्च हो रहा है, इसका हिसाब-किताब पता नहीं है। इसलिए झाविमो ने श्वेत पत्र जारी करने की मांग की थी।

पयर्टन घोटाले की फाइल राजभवन में अटकी पड़ी है, क्या राजभवन इस बात का खुलासा कर सकता है कि किसके इशारे पर यह फाइल आगे नहीं बढ़ रही है। राज्य की विधि-व्यवस्था, पानी, बिजली, सड़क आदि की स्थिति बेहद खराब है और शासन केवल बैठक और दिशा-निर्देश जारी करने में व्यस्त हैं। यादव ने कहा कि कांग्रेस द्वारा सरकार बनाने की बातें पूरी तरह से आई वाश है, हकीकत तो यह है कि राष्ट्रपति शासन को आगे बढ़ाकर कांग्रेस चुनावी खर्चा निकालना चाहती है। उन्होंने कहा कि झाविमो विधानसभा भंग करने, पानी बिजली व अन्य समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाने का निर्णय लिया है।

इसके तहत 23 मार्च को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद भी विस भंग नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। यादव ने भाजपा अध्यक्ष रवींद्र राय द्वारा झाविमो को कांग्रेस का पालतू पार्टी कहे जाने पर कहा कि यह तो वक्त ही बताएगा, केवल चुनाव तो होने दीजिए। इस मौके पर महासचिव राजीव रंजन प्रसाद, युवा मोर्चा अध्यक्ष संतोष कुमार आदि उपस्थित थे।