आर्यन्स सुपर 50 के लिए हुआ इंटरव्यू
रांची। डॉ किरण बेदी स्कॉलरशीप योजना आर्यन्स सुपर 50 के लिए रविवार को हिंदपीढ़ी सेकेंड स्ट्रीट स्थित पठान तंजीम के कार्यालय में स्टूडेंट्स का इंटरव्यू लिया गया। इसमें 10 स्टूडेंट्स शामिल हुए। यह जानकारी सेलेक्शन कमेटी द्वारा पत्रकारों को दी गई।
जी 7 नामक कमेटी के मोहम्मद वारीस (पठान तंजीम के सदस्य) ने बताया कि राजधानी से 50 स्टूडेंट्स को उच्च शिक्षा के लिए सेलेक्ट किया जाएगा। स्कॉलरशिप योजना के तहत उनका ट्यूशन फीस 70 प्रतिशत तक माफ हो जाएगा। चंडीगढ़ स्थित आर्यन्स ग्रुप ऑफ कॉलेज से आए अंकुर गर्ग ने बताया कि कॉलेज में एसटी, एससी ओबीसी स्टूडेंट्स के लिए होस्टल फीस नहीं लगेगा। इसके अलावा जिनकी आय सालाना डेढ़ लाख रुपए या उससे कम है, उनके बच्चों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। 19 मई तक इंटरव्यू होगा और 22 मई को चुने जाने वाले स्टूडेंट्स को डॉ किरण बेदी स्कॉलरशिप देंगी।
आशुतोष द्विवेदी (बाल विकास मंच के सदस्य) ने बताया कि आर्यन ग्रुप ऑफ कॉलेज में एमबीए, बीबीए, बीसीए, बीटेक, एमटेक, डिप्लोमा, जीएनएम (नर्सिंग), बीएससी, बीकॉम, बीए, बीएससी (एग्रीकल्चर) और बीएड की पढ़ाई होती है। सभी कोर्स के लिए स्कॉलरशिप योजना है। संवाददाता सम्मेलन में सामाजिक कार्यकर्ता कुमार साह भी उपस्थित थे।