पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची। लोहरदगा से पूर्व विधायक सुखदेव भगत झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नये अध्यक्ष होंगे। युवा नेता सुखदेव भगत को राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू के स्थान पर पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जर्नादन द्विवेदी ने आज नई दिल्ली में सुखदेव भगत को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सुखदेव भगत की नियुक्ति के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
प्रशासनिक सेवा छोड़ आए राजनीति में
सुखदेव भगत राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे है और उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेते हुए वर्ष 2005 के विधानसभा चुनाव में लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ा था और चुनाव में विजयी हुए थे, लेकिन वर्ष 2009 के विधानसभा चुनाव में वे काफी अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी आजसू विधायक कमल किशोर भगत से चुनाव हार गये थे।
बधाईयों का लगा तांता
सुखदेव भगत के अध्यक्ष बनने पर जहां प्रदीप कुमार बलमुचू ने बधाई दी है, वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, विधायक बन्ना गुप्ता, माधवलाल सिंह, सौरभ नारायण सिंह, अनंत प्रताप देव, राजेश मंडल संताल परगना के कई पूर्व विधायक-पूर्व सांसदों, वरिष्ठ नेता अनादि ब्रह्म, डॉ. शैलेश सिन्हा, कामता उपाध्याय, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष आभा सिन्हा समेत अन्य नेताओं ने बधाई दी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.