पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • धौनी के शहर में युवराज सिंह ने फिर दुहराई यह कसम

धौनी के शहर में युवराज सिंह ने फिर दुहराई यह कसम

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची। कैंसर से जंग जीतने के बाद करोड़ों फैन्स का दिल जीतने वाले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने कहा कि युवी कैन... यू कैन। हमने कैंसर को जीत लिया। अब आपकी बारी है। देश के लोगों को कैंसर जैसी बीमारी से छुटकारे के लिए हमने कसम ली है। इसमें रांची के लोगों का साथ चाहिए। युवराज मंगलवार को होटल रेडिशन ब्लू में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

मौका था रांची में अपोलो यूवी कैन कैंसर डिटेक्शन सेंटर के उद्घाटन का। इस अवसर पर अपोलो ग्लिनेगल्स के चीफ एक्जीक्यूटिव अफसर डॉ रुपाली बसु, डॉ जावेद अख्तर, रांची से डॉ सीबी सिन्हा, डॉ रेणुका सिन्हा, ईएसआई नामकुम के अधीक्षक डॉ एके शर्मा समेत कई लोग मौजूद थे।

युवराज सिंह ने कहा कि युवी कैन का सपना था रांची में कैंसर डिटेक्शन सेंटर खोलने का। मैं जब अमेरिका में इलाज करा रहा था। तभी मन में यह ख्याल आया कि देश के कैंसर मरीजों के लिए कुछ करना चाहिए। मैंने ट्रीटमेंट कराया और ठीक होकर घर वापस आया। इसमें यूवी कैन का बहुत स्पोर्ट मिला। इस संस्था के द्वारा कैंसर क्या है, पहचान क्या है और जांच, इलाज के बारे में जानकारी दी जा रही है। जांच और इलाज के अभाव में लोग कैंसर की चपेट में है। लोगों के मन में स्टिग्मा है। भ्रम है। इन सब बातों के लिए यह सेंटर खोला गया है। ताकि समाज में जागरूकता आए। हम कैंसर पूरी तरह से ठीक हो सकते हैं। इसमें अपोलो अस्पताल का सहयोग सराहनीय है। इस सेंटर में लोगों का फ्री में इलाज होगा।


हटिया स्टेशन रोड में खुला सेंटर


अपोलो यूवी कैन कैंसर डिटेक्शन सेंटर 126, हटिया स्टेशन रोड स्थित अपोलो ग्लिनेगल्स के एक्सटेंशन सेंटर में खुला है। यहां हर हफ्ते शनिवार और रविवार को अंकोलॉजिस्ट आएंगे और मरीजों की जांच कर परामर्श देंगे। यह सुविधा नि:शुल्क है। यहां पर अपोलो कोलकाता के डॉ जावेद अख्तर, डॉ पीएन महापात्रा, डॉ साहीवाल समेत अन्य कई अंकोलॉजिस्ट मरीजों की जांच करेंगे।