जोधपुर। बाड़ ही खेत का खाने लगी की कहावत को चरितार्थ करते हुए लोगों की सुरक्षा के तैनात पुलिस के एक कांस्टेबल ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक युवक को लूट लिया। लूट का खुलासा होने के बाद हरकत में आए अधिकारियों ने आखिरकार कल रात आरोपी कांस्टेबल सहित उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार कुड़ी पुलिस भगतासनी थाने में कार्यरत कांस्टेबल रुघनाथ विश्नोई ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शनिवार शाम विवेक विहार के निकट बाइक पर जा रहे दो युवकों के साथ मारपीट कर उनसे सोलह सौ रुपए लूट लिए थे। कार नंबर के आधार पर पकड़ में आए रुघनाथ से पूछताछ की गई तो शेराराम विश्नोई के साथ में होने की जानकारी मिली. इस पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। इनका तीसरा साथी फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि इस क्षेत्र में हुई दो-तीन लूट के मामलों में भी इनसे पूछताछ की जा रही है।
यह है मामला
शहर के कुड़ी भगतासनी थाना क्षेत्र में शनिवार को कार में सवार तीन युवकों ने बाइक पर जा रहे घनश्याम माली व उसके दोस्त धनराज को विवेक विहार योजना के निकट किसी काम के बहाने रोका। इसके बाद कार सवार युवकों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट कर उनसे सोलह सौ रुपए लूट लिए. घनश्याम ने कार के नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दी। दो दिन तक पुलिस ने जांच की तो एक नया मामला उसके सामने आया।