जोधपुर। न्यू पावर हाउस रोड स्थित सेक्शन सात के बाहर बनी तीन दुकानों में बुधवार तड़के चोरों ने सेंध लगा दी। सब्जी की एक दुकान में चोरों ने आराम से अंगूर खाए और नगदी लेकर चलते बने। जाते समय एक चोर अपनी टोपी वहीं छोड़ गया। वहीं इलेक्ट्रिक सामान की एक दुकान से थोड़ा सामान व नगदी पर उन्होंने हाथ साफ कर दिया। तीसरी दुकान में उनके हाथ कुछ नहीं लगा।
तीन दुकानों के तोड़े शटर
सेक्शन सात के बाहर बनी कई दुकानों में से तीन के आज सुबह तड़के शटर ऊपर होने पर क्षेत्र के लोगों को थोड़ा शक हुआ। उन्होंने निकट जाकर देखा तो मामला संदिग्ध लगा। इस पर उन्होंने एक दुकानदार को बुलाया। इस दुकानदार ने अन्य दुकानदारों को बुलाया तो मालूम पड़ा कि तीनों दुकानों में चोरों ने शटर ऊपर कर हाथ साफ किया है। सबसे पहले चोर सब्जी की दुकान में घुसे। यहां पर उन्होंने सबसे पहले गल्ले में रखे करीब ढाई हजार खुले रुपए उठाए। दुकान मालिक मांगीलाल ने बताया कि चोर संभवतया दो से तीन रहे होंगे। दुकान में अंगूर बिखरे पड़े है। इससे साफ जाहिर है कि एक चोर ने आराम से अंगूर खाए। इस दौरान कुछ अंगूर गिर गए। वहीं अन्य ने गल्ले पर हाथ साफ किया। इस दौरान एक चोर की टोपी वहीं पर रह गई। इसके बाद चोरों ने पड़ोस की संतोष इलेक्ट्रिक का शटर बीच में से ऊंचा किया। इसके मालिक गौरव ने बताया कि उसकी दुकान में कल पंद्रह सौ रुपए ही नगद रखे थे। जिसे चोर ले गए। वहीं कुछ सामान भी चोरी हुआ है। चोरों ने निकट की एक और दुकान का शटर ऊपर किया, लेकिन यह खाली थी।
गश्त पर चोरों की नजर
पुलिस का कहना है कि सुबह चार बजे तक क्षेत्र में गश्त की थी। इसके बाद वे यहां से रवाना हो गए। इससे जाहिर है कि चोर पुलिस के जाने की ताक में पहले से तैयार थे। पुलिस के जाते ही उन्होंने दुकानों में चोरी कर ली। शहर में अधिकांश दुकानों में चोरी इसी समय पर हो रही है। सुबह करीब चार बजे लोगों की चहल-पहल शुरू होने के बाद पुलिस गश्त बंद कर देती है। चोर इसी का फायदा उठा अपना काम कर निकल जाते है।
सभी फोटो एल देव जांगिड़
अगली स्लाइड्स में देखें अन्य फोटो