जोधपुर। आदर्श विद्या मंदिर में शुक्रवार को आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में हजारों लोगों की उपस्थिति में 101 जोड़े विवाह के बंधन में बंध गए। गाजे-बाजे के साथ एक साथ निकले 101 दूल्हों को देखने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जब हुआ दूल्हों का मिलन
सर्वजातीय सामूहिक विवाह के लिए पचास दूल्हों की बारात शहर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम से रवाना हुई। वहीं 51 दूल्हों की बारात जूना खेड़ापति मंदिर से रवाना हुई. आखलिया चौराहे पर इन सभी दूल्हों का मिलन हुआ। आखलिया चौराहे पर एक साथ 101 दूल्हों को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं प्रत्येक दूल्हे के साथ बारात में चल रहे परिजनों के कारण एक बार आखलिया चौराहे पर जाम लग गया। लेकिन लोगों ने धैर्य के साथ सबसे पहले बारात को निकलने दिया।
मंत्रियों ने किया स्वागत
101 दूल्हों की बारात के कमला नेहरू नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर परिसर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल, महापौर घनश्याम ओझा सहित शहर के गणमान्य लोगों ने बारात का जोरदार स्वागत किया।
मेले जैसा माहौल
आदर्श विद्या मंदिर के प्रांगण में आज मेले जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में दूल्हा-दुल्हन के परिजनों की उपस्थित में मंत्रोच्चार के साथ सभी 101 जोड़े विवाह के बंधन में बंध गए।
सभी फोटो एल देव जांगिड़
अगली स्लाइड्स में देखें अन्य फोटो