जोधपुर। गांव व शहर में प्रशासन की सबसे महत्वपूर्ण कडी़ माने जाने वाले पटवारी के पद पर शनिवार को शुरू हुई भर्ती परीक्षा में भाग लेने युवा उमड़ पड़े। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच गहमा-गहमी के माहौल में परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा केन्द्रों के बाहर सुबह से लम्बी कतार लग गई। शहर में 190 परीक्षा केन्द्रों पर 54 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे है।
शहर में शनिवार को कड़ी सुरक्षा इंतजामों के बीच राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड की ओर से पटवारी सीधी भर्ती(प्रारंभिक) परीक्षा बारह बजे शुरू हुई। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों के लिए एक घंटा पहले पहुंचना अनिवार्य था। इस कारण इन केन्द्रों के बाहर सुबह से कतार लगना शुरू हो गई। शहर में सुबह से हर तरफ युवाओं के समूह नजर आ रहे थे।
कड़ी जांच के बाद दिया प्रवेश
पेपर लीक होने से रोकने के लिए पूरे शहर में पुलिस ने विशेष प्रबंध किए है। अधिकांश परीक्षा केन्द्रों पर जैमर लगाए गए है। ताकि कोई व्यक्ति किसी तरह मोबाइल काम में नहीं ले सके। वहीं प्रत्येक केन्द्र पर बड़ी संख्या में तैनात पुलिस ने परीक्षार्थियों को कड़ी जांच के बाद ही अंदर प्रवेश दिया। परीक्षार्थियों के लिए पहले से निर्धारित ड्रेस कोड की सख्ती के साथ पालना कराई गई। कुछ स्थान पर ड्रेस कोड को लेकर परीक्षार्थियों की पुलिस के साथ तकरार भी हुई, लेकिन पुलिस अपनी सख्ती पर कायम रही।