जोधपुर। जिले के बालेसर थाना क्षेत्र में बेलवा गांव में शुक्रवार शाम पारिवारिक विवाद में हुई कहासुनी के बाद गुस्से में आई जेठानी ने अपनी गर्भवती देवरानी की गला घोंट कर हत्या कर दी। मृतका गर्भवती है। मृतका के परिजनों के आने के बाद पुलिस को इस हत्या की सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार बालेसर थाना क्षेत्र के बेलवा राणाजी गांव में कानाराम व उसके भाई का परिवार एक साथ ही रहते है। कल शाम के समय दोनों भाई बाहर गए हुए थे। इस दौरान किसी बात को लेकर पानी देवी(24) की अपनी जेठानी के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। दोनों के बीच बहस बढ़ गई और मारपीट की नौबत आ गई। दोनों को अलग करने के लिए घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इस दौरान तैश में आई जेठानी ने पानी देवी को नीचे गिरा दिया और उसके ऊपर बैठ गई। ऊपर बैठ उसने पानी देवी का गला जोर से दबा दिया। दम घुटने से पानी देवी की मौत हो गई।
परिजनों के लौटने पर हुआ खुलासा
देवरानी की मौत से घबरा कर जेठानी चुपचाप बैठ गई। बाद में परिजनों के लौटने पर घटना का खुलासा हुआ। ग्रामीणों तक बात पहुंचने पर कुछ लोगों ने बाड़मेर जिले के परेऊ गांव में रहने वाले मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी। उनके गांव में पहुंचने के बाद पुलिस को हत्या होने की जानकारी दी गई। मृतका के एक पुत्र है। वहीं पानी देवी इस समय गर्भवती थी। इस कारण मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के लिए शव को जोधपुर लाया गया है। वहीं हत्या के आरोप में पुलिस ने जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है।