पटना. कार के साथ केरल के अपहृत कारोबारी पीएस रविनाथ को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। उन्हें बुधवार की रात एग्जीबिशन रोड से अगवा कर लिया गया था। गांधी मैदान थाने में गुरुवार की सुबह अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने पीरबहोर थाना दरियापुर के कोयरी टोला में छापेमारी कर रविनाथ को सकुशल बरामद करने के साथ ही मो. नासरि चार अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अपहर्ताओं के ठिकाने से एक राइफल, एक रिवॉल्वर, आठ जिंदा कारतूस और दो दर्जन खोखे भी जब्त किए हैं। पुलिस ने कारोबारी की कार भी बरामद कर ली है। घटना के मूल में लाखों रुपए के लेनदेन का मामला है।
इधर गुरुवार की सुबह उनके अगवा होने की सूचना के बाद दक्षिण भारतीय सांस्कृतिक संघ के सचिव अजीत कुमार इसकी सूचना गृह सचिव और मुख्य सचिव को देने के साथ केरल के सीएम को भी जानकारी दे दी। रविनाथ की एग्जीबिशन रोड के राजा मार्केट में जेनरेटर के कारोबारी हैं। वे परिवार के साथ पाटलिपुत्र कॉलोनी में रहते हैं।
दरअसल वे रात में दुकान से घर के लिए रवाना हुए थे। इसी बीच दुकान के पास ही पार्किंग में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया और दरियापुर में लाकर रखा। जब वे देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो पत्नी और अन्य परिजन उनकी खोजबीन करने लगे। लेकिन वे नहीं मिले।
परिजनों ने पाटलिपुत्र थाने में रविनाथ के गुमशुदगी का सनहा दर्ज करा दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार की सुबह उनकी पत्नी गांधी मैदान थाना पहुंची और अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करा दी। एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि आठ घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए उन्हें बरामद कर लिया। तीन अपहर्ताओं को हथियार के साथ पकड़ा गया है।