पटना. भाकपा का दावा है कि हरलाखी विधानसभा उपचुनाव में वाम गठबंधन के उम्मीदवार रामनरेश पांडेय की जीत तय है। पार्टी के राज्य सचिव सत्य नारायण सिंह ने हरलाखी से लौट कर पटना में पत्रकारों को बताया कि युवाओं के साथ ही हर वर्ग के लोगों का समर्थन मिल रहा है।
इसलिए यहां से भाकपा जीत लगभग तय है। पिछले दिन दो हजार युवाओं ने मोटरसाइकिल जुलूस निकाल कर युवाओं को वाम गठबंधन की तरफ मोड़ने में हद तक सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि यहां त्रिकोणात्मक मुकाबला माना जा रहा था, लेकिन अब भाकपा के साथ सीधा मुकाबला हो गया है। केंद्र और राज्य की सरकार की स्थिति जनता ने देख लिया है। लोगों को वामदलों से ही उम्मीद है। इसलिए यहां की जनता वाम गठबंधन को जीत दिलाना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीनों वामदलों के नेताओं और कार्यकर्ता लगातार गठबंधन उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने भारत चुनाव आयोग और राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मांग की है कि वे प्रचार-अभियान की समाप्ति के उपरांत से लेकर मतदान संपन्न होने के बीच होने वाले धनबल और बाहुबल के उपयोग पर रोक लगाए।
स्वतंत्र, शांतिपूर्ण और स्वच्छ मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केन्द्रों पर स्थिर अर्द्धसैनिक बलों, महिला सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था करें। सघन पेट्रोलिंग कर हर प्रकार की गड़बड़ी से मुक्त मतदान कराकर लोकतंत्र और विधि के शासन की रक्षा का दायित्व पूरा करें।