पटना. भाकपा माले ने आरोप लगाया है कि राज्य में दलितों और अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देने में नीतीश सरकार विफल है। दबंगों के सामने नीतीश सरकार ने समर्पण कर दिया है। पार्टी के राज्य सचिव कुणाल व अखिल भारतीय खेत मजदूर सभा (खेमस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि राज्य में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों पर हमले हो रहे हैं, लेकिन जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली नीतीश सरकार इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव बाद बिहार में अपराधी गिरोहों का टकराव भी हिंसक स्वरूप आ गया है। यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही अररिया के दलित समुदाय के 10 लोगों पर दबंगों ने तेजाब फेंक कर फेंक कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की थी। इससे साबित हो रहा है कि दबंगों के समक्ष सरकार ने आत्मसमर्पण कर दिया है। हत्यारों-दबंगों पर कठोर कार्रवाई नहीं होने के कारण दबंगों का मनोबल बढ़ गया है।
नरपतगंज प्रखंड में मध्याह्न भोजन के दौरान दोबारा खिचड़ी मांगने पर शिक्षण ने एक मुस्लिम छात्रा को पीट दिया। इसकी शिकायत जब उनके पिता स्कूल पहुंचे तो शिक्षकों ने पीट-पीटकर मो. रियाज की हत्या कर दी।