पटना. जेएनयू में देश विरोधी नारे लगने के मामले में जेएनयूएसयू अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में एआईएसएफ ने शनिवार को पटना में प्रदर्शन किया। इस दौरान एआईएसएफ ने पटना विश्वविद्यालय मुख्य द्वार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह का पुतला फूंका।
इस दौरान एआईएसएफ के राज्य अध्यक्ष निखिल कुमार झा ने कहा कि हमारा संगठन देश को आजादी दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाने वाला पहला छात्र संगठन है। कन्हैया एआईएसएफ को आगे बढ़ाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए एबीवीपी एवं आरएसएस जैसे संगठनों ने सरकार के साथ मिलकर एक साजिश के तहत कन्हैया को फंसाया है।
एआईएसएफ के जिला सचिव रूपेश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं गृह विभाग से पूरे मामले पर हस्तक्षेप करते हुए कन्हैया को अविलंब रिहा करवाने की मांग की है। प्रदर्शन में राहुल कुमार, सुशील उमाराज, प्रभात यादव, चंदन कुमार, पुष्पेंद्र प्रणय, परवेज अशरफी, साजन झा, विद्यानंद, रंजीत पंडित, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।