नई दिल्ली। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उनके कुल 77 अधिकारियों को केंद्र सरकार अपना निशाना बना चुकी है। केजरीवाल का कहना है कि इन सभी को बिना किसी केस और कानूनी समन के गैर कानूनी तरीकों से पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है।
इस हफ्ते केजरीवाल सरकार का एक साल पूरा होने जा रहा है। इस मौके पर एक अंग्रेजी अखबार को दिए अपने इंटरव्यू में केजरीवाल ने कई मुद्दों पर खुलकर राय रखी और केंद्र सरकार पर वह एक बार फिर हमलावर नजर आए।
केंद्र पर साधा निशाना
-केजरीवाल ने एक बार फिर केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली के कामकाज में दखल दे रही है लेकिन इसके बावजूद हमारी सरकार की परफॉर्मेंस काफी अच्छी रही है।
-उन्होंने कहा कि ऐसे मुश्किल हालात में भी आप सरकार काम रही है यह एक चमत्कार ही है।
-केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार ने एक साल में कई बेहतरीन काम किए लेकिन अगर केंद्र सरकार की सपोर्ट मिलती तो हमारी परफॉर्मेंस 10 गुना बेहतर हो सकती थी।
‘एसीबी के हाथ से जाने का अफसोस है’
-केजरीवाल ने कहा कि वो एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) को उनसे छीने को अपना सबसे बड़ा नुकसान मानते हैं।
-सीएम ने कहा, ’49 दिनों की आप सरकार में यह मैसेज सब जगह गया कि अधिकारियों, पुलिस ने रिश्वत लेना बंद कर दिया है।’
-सीएम का कहना है कि दूसरी बार आने पर भी उनकी सरकार का करप्शन को लेकर यही रवैया रहा। उन्होंने कहा, ‘हम 50 लोगों के खिलाफ एक्शन ले चुके थे लेकिन 8 जून के बाद सबकुछ बदल गया जब केंद्र पैरामिलिट्री फोर्सेज को भेजकर एसीबी की कमान अपने हाथों में ले ली और मुकेश मीणा को एसीबी चीफ बना दिया।’
और क्या-क्या कहा सीएम ने?
-अधिकारियों के साथ विवाद पर सीएम ने कहा कि अगर कोई ऑफिसर कैबिनेट के फैसले का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
- केजरीवाल ने कहा कि अपनी सेहत बेहतर रखने के लिए वो पिछले दो दिनों से योगा, प्राणायाम, क्रिया करते हैं और रोज दो घंटे वॉक पर जाते हैं और उम्मीद करते हैं कि यह रूटीन आगे भी जारी रहेगा।