(फाइल फोटो- जम्मू-कश्मीर में बाढ़ प्रभावित)
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में आई भयावह बाढ़ में प्रभावित हुए रेलवे कर्मियों की मदद के लिए उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) ने हाथ आगे बढ़ाए हैं। संगठन के अध्यक्ष प्रवीण कुमार और उनके दल ने फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत अनंतनाग से पम्पोर रेलवे स्टेशन तक बाढ़ से प्रभावित हुए रेलवे कर्मियों तक सहायता के लिए 10 टन खाद्य सामग्री, दवाइयां, कपड़े एवं कंबल आदि राहत सामग्री पहुंचाई है। साथ ही संगठन ने रेलवे विभाग से मांग की है कि वे रेलवे स्टाफ की सहायता के लिए उचित कदम उठाएं।
बाढ़ प्रभावित रेलवे कर्मियों को विशेष सीएल मिले
यूआरएमयू के शीर्ष संगठन एनएफआईआर के महामंत्री एम. रघुवईया ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अरुणेंद्र कुमार को पत्र लिखकर प्रवीण कुमार एवं उनके राहत दल को बाढ़ में फंसे रेलवे स्टाफ एवं लोगों की मदद के लिए हरसंभव सहयोग देने का अनुरोध भी किया है। साथ ही बाढ़ में फंसे रेलवे कर्मियों को विशेष आकस्मिक अवकाश भी प्रदान करने की मांग की है।
रेलवे स्टाफ को एयर लिफ्ट कराकर सुरक्षित स्थानों तक लाएं
वहीं, यूआरएमयू के महामंत्री बीसी शर्मा ने उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक से अनुरोध किया है कि वे घाटी में फंसे रेलवे स्टाफ एवं उनके परिवार के सदस्यों को एयर-लिफ्ट कराकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए तथा उन्हें राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आपदा में फंसे इन लोगों को सहायता सामग्री भी मुहैया की जाए।
ट्रैकों को सुधारने के लिए अधिक स्टाफ लगाया जाए
एनएफआईआर के प्रवक्ता एस.एन मलिक ने भी उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक से प्रभावित रेलवे कर्मियों को दस दिन का विशेष अवकाश दिए जाने का अनुरोध किया है, ताकि वे अपने परिवार की देखरेख कर सकें। साथ ही उन्होंने कहा है कि बाढ़ की वजह से खराब हुए ट्रैकों को सुधारने के लिए ज्यादा से ज्यादा स्टाफ लगाया जाए, ताकि रेलवे परिचालन दोबारा शुरू हो सके।
डिवीजन में बाढ़ से प्रभावित रेलवे स्टाफ की मदद के लिए गए संगठन के राहत दल में अशोक तलवार, पंकज, राम कुमार शर्मा, एम.एस खान और बख्तर भी शामिल हैं, जो प्रभावितों की तक हर तरह से मदद कर रहे हैं।