पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(भारतीय हॉकी टीम का फाइल फोटो)
नई दिल्‍ली। भारतीय हॉकी टीम को छह से 14 दिसंबर तक भुवनेश्वर में होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी में कठिन ग्रुप मिला है, जिसमें उसके साथ ओलंपिक चैम्पियन जर्मनी और विश्व कप उपविजेता नीदरलैंड जैसी टीमें हैं। पूल बी में भारत के साथ 2014 विश्व कप कांस्य पदक विजेता अर्जेंटीना भी है।
पूल ए में विश्व कप विजेता और गत चैम्पियन आस्ट्रेलिया, राष्ट्रमंडल खेलो की कांस्य पदक विजेता इंग्लैंड, यूरो नेशंस रजत पदक विजेता बेल्जियम और एशियाड स्वर्ण पदक विजेता पाकिस्तान हैं।
चैम्पियंस ट्रॉफी की 1978 में शुरूआत के बाद से पाकिस्तान स्वर्ण जीतने वाली एकमात्र एशियाई टीम है। उसे 2012 में मेलबर्न में हुए टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रहने के कारण 2014 में जगह मिली।
टूर्नामेंट के पहले दिन आठों टीमें मैदान पर होंगी। करीब 5000 की क्षमता वाले कलिंगा स्टेडियम पर ये मुकाबले खेले जायेंगे। एफआईएच अध्यक्ष लिएंड्रो नेग्रे ने कहा, हमें पता है कि भुवनेश्वर मे हॉकी काफी लोकप्रिय है, क्योंकि हमने हॉकी इंडिया लीग के दौरान ऐसा देखा। यह हॉकी प्रेमियों के लिए अच्छा समय होगा, क्योंकि दुनिया की शीर्ष टीमें चैम्पियंस ट्रॉफी खेल रही हैं।