पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिन्दी में अपना भाषण देंगे। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आज यह जानकारी दी। हिन्दी दिवस पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी पहले प्रधानमंत्री थे जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा को हिन्दी में संबोधित किया था।
उन्होंने कहा, ' एक मंत्री के तौर पर एक बार मैंने संयुक्त राष्ट्र को हिन्दी में संबोधित किया, हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संयुक्त राष्ट्र को हिन्दी में संबोधित क रेंगे।’ राष्ट्रपति भवन में उन्होंने कहा, ' प्रधानमंत्री जब विदेशी गणमान्य लोगों से मिलते हैं तब हिन्दी में बात करते हैं।’ राष्ट्रपति भवन में इस समारोह में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री 27 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित कर सकते हैं।
गृहमंत्री ने कहा कि देश की 55 प्रतिशत आबादी हिन्दी बोलती है और 85 से 90 प्रतिशत लोग हिन्दी समझते हैं जबकि उनकी मातृभाषा हिन्दी नहीं है।
हिन्दी दिवस के मौके पर राष्ट्रपति ने विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रभाषा पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि संविधान में कहा गया है कि हिन्दी भाषा को इस तरह विकसित करना चाहिए जिससे यह भारत की समग्र संस्कृति दर्शा सके। इस प्रकार हिन्दी की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है। राष्ट्रपति ने कहा कि लोकतंत्र के प्रगतिशील होने के लिए हिन्दी भाषा और क्षेत्रीय भाषाओं का उपयोग बढ़ाना होगा।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट और मोबाइल सेवाओं में हिन्दी का उपयोग कई तरह से बढ़ा है और इससे जनता को प्रभावी प्रशासन मुहैया कराने में मदद मिलेगी।