(फोटो: प्रतीकात्मक फोटो)
नई दिल्ली. राजधानी एक बार फिर गैंगरेप की घटना से शर्मसार हुई है। इस बार यमुनापार से एक युवती को अगवा कर उसके दोस्तों ने चलती कार में उससे गैंगरेप किया गया और रात ड़ेढ बजे दक्षिणी दिल्ली के नेहरू प्लेस फ्लाईओवर के पास उसे फेंक दिया।
दरअसल, यह वारदात मंगलवार रात को घटित हुई। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय पीड़ित लड़की को उसके दो दोस्त घुमाने के बहाने यमुनापार से कार में बिठाकर ले गए। रास्ते में उसे नशीला पदार्थ पिला दिया गया। इसके बाद उससे चलती कार में गैंगरेप किया गया। डीसीपी मनदीप सिंह रंधावा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि लड़की की मां दिल्ली पुलिस में हैं और पिता भी दिल्ली पुलिस में थे। पिता का देहांत हो चुका है।
पुलिस के अनुसार, अल सुबह एक ऑटो ड्राइवर ने पीसीआर पर कॉल कर बताया कि फ्लाईओवर के पास एक लड़की बेसुध हालत में पड़ी है। उसके कपड़े भी अस्त–व्यस्त हैं। इसके बाद पीसीआर मौके पर पहुंची और लड़की को कालकाजी थाने में ले गई। यहां लड़की का बयान लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, 25 साल की यह लड़की कुछ समय से अपनी मां से अलग पूर्वी दिल्ली में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही है। मंगलवार रात कार सवार दो दोस्त उसे घुमाने के बहाने बिठाकर ले गए थे। लड़की ने पुलिस को बयान दिया कि रास्ते में उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई। उसके बाद उसे होश नही रहा। हालांकि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और वह आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है।