पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फोटो- पी‍ड़ित महिला जिमनास्‍ट)
नई दिल्ली. इंचियोन में होने वाले 17वें एशियाई खेलों से पहले एक महिला जिम्नास्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और कोच पर अश्लील टिप्पणी करने और शिकायत करने पर भुगत लेने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना दो सितंबर की बताई जा रही है। एथलीट ने सोमवार को इस बाबत आईपी एस्‍टेट थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 509 (किसी महिला को अपमानित करने के इरादे से कोई शब्द बोलना या कोई मुद्रा बनाना) और 506 (धमकाने) के तहत केस दर्ज किया है।
वहीं, एथलीट का यह भी कहना है कि भारतीय जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई करने के बजाय उसे ही विवाद खड़ा करने से मना कर दिया।
एक आला पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान मनोज राणा (कोच) और चंदन पाठक के रूप में हुई है। दोनों मंगलवार रात को ही एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए रवाना हुए हैं। जांच अधिकारी ने कहा कि जरूरत पड़ी तो दोनों को फोन कर जांच में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा।
महिला एथलीट ने आरोप लगाया कि जब वह इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में ट्रेनिंग कर रही थी, तब कोच और उसके साथी ने उस पर अश्लील टिप्पणियां की। दोनों ने अभद्र व्‍यवहार करना शुरू कर दिया। उन्‍होंने उसके अंडरगारमेंट्स पर भी कमेंट किए। उनकी हरकतें काफी आपत्तिजनक थीं।
29 वर्षीय एथलीट ने आरोप में आगे कहा, "जब वे मेरे कपड़ों के बारे में बात कर रहे थे तो मेरे इनरवियर का मजाक भी उड़ा रहे थे। वे गाली-गलौच वाली भाषा में मेरे बारे में अभद्र मजाक कर रहे थे। यह मेरे सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला पल था।" एथलीट के अनुसार, जब मेन कोच ने दोनों से कहा कि वे मुझसे माफी मांगे, तो माफी मांगने के बजाय उन्होंने मुझे धमकाया।
महिला जिम्नास्ट के मुताबिक, उसने तीन सितंबर को एक शिकायती मेल फेडरेशन को भेजा। इसके बाद तीन सदस्यीय समिति ने उससे मिलकर खेल पर ध्यान देने का सलाह दी और यह भी कहा कि वह विवादों से दूर रहे। इसके बाद फेडरेशन के अधिकारियों ने बुलाकर केस वापस लेने का दबाव भी बनाया, लेकिन उसने इससे साफ मना कर दिया।