नई दिल्ली। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के दौरे के तीसरे दिन भी तिब्तियों ने प्रदर्शन किया। आज सुबह दर्जनों तिब्बतियों ने होटल ताज पैलेस के बाहर प्रदर्शन किया, जहां चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी ठहरे हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने चीन विरोधी नारे भी लगाए। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर 'स्वतंत्रता मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है, 'तिब्बत की स्वतंत्रता, भारत की सुरक्षा’ जैसे नारे लिखे थे। कुछ तिब्बतियों ने होटल परिसर में घुसने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, प्रदर्शनकारियों ने हटने से इनकार कर दिया, इसलिए पुलिस ने दर्जनों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के मद्देनजर होटल के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
गौरतलब है कि तिब्बतियों के एक समूह ने कल प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच द्विपक्षीय वार्ता के आयोजन स्थल
हैदराबाद हाउस के बाहर प्रदर्शन किया था और पुलिस से उनकी झड़प हुई थी। इसके पहले बुधवार को भी दिल्ली के मजनू के टीला इलाके और चीनी दूतावास के बाहर प्रदर्शन किया था।