नई दिल्ली। युवा कथाकार इंदिरा दांगी को 17वें रमाकांत स्मृति कहानी पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। यह सम्मान उन्हें ‘पहल’ पत्रिका के नवम्बर 2013 अंक में प्रकाशित उनकी कहानी ‘शुक्रिया, इमरान साहब’ के लिए प्रदान किया जाएगा।
रमाकांत स्मृति कहानी पुरस्कार के संयोजक महेश दर्पण ने बताया कि इस कहानी का चयन वरिष्ठ कथाकार असगर वजाहत द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि दिसम्बर के पहले सप्ताह में दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में सुश्री इंदिरा दांगी को सम्मानित किया जाएगा।
इससे पूर्व यह पुरस्कार नीलिमा सिन्हा, कृपाशंकर, अजय प्रकाश, मुकेश वर्मा, नीलाक्षी सिंह, सूरजपाल चौहान, पूरन हार्डी, अरविंद कुमार सिंह, नवीन नैथानी, योगेंद्र आहूजा, उमाशंकर चौधरी, मुरारी शर्मा, दीपक श्रीवास्तव, आकांक्षा पारे काशिव, ओमा शर्मा और किरन सिंह को प्रदान किया जा चुका है।