नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने देश के शीर्ष निशोनबाज अभिनव बिंद्रा को
एशियाई खेलों के लिए इंचियोन पहुंचने में हुई परेशानी और निशानेबाजों को समय से उनके मान्यता पत्र नहीं मिलने के विवाद का ठीकरा भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के सिर फोड़ा है।
भारत के एकमात्र ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव इंचियोन एशियाड के लिए अपने तय कार्यक्रम से दो दिन देरी से गुरूवार को पहुंचे थे। मीडिया खबरों के अनुसार उन्होंने विलम्ब से पहुंचने को लेकर और हवाई अड्डे पर हुई परेशानी के लिए नाराजगी जताई थी।
एनआरएआई ने इस मुद्दे पर एक बयान में स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि हमने आईओए के निर्देशानुसार वीजा सपोर्ट पत्र और मान्यता पत्र से संबंधित तमाम कार्रवाई समय से पूरी कर दी थी। निशानेबाजों को मान्यता पत्र मिलने में देरी और बिंद्रा के इंचियोन पहुंचने में विलम्ब की जिम्मेदारी एनआरएआई की नहीं बनती है।
निशानेबाजी संघ ने कहा कि हमने आईओए की तमाम समय सीमा का पालन किया था और उसने जैसे-जैसे निशानेबाजों को लेकर जो कुछ हमसे मांगा वह हमने समय से उपलब्ध करवाया। हमारी तरफ से किसी भी तरह का कोई विलम्ब नहीं था। हमें अगस्त की समाप्ति तक आईओए से मात्र सात मान्यता पत्र मिल पाए थे, जबकि हमने 14 मार्च तक 84 निशानेबाजों का विवरण आईओए को सौंपा था।