(फाइल फोटो: मेट्रो फीडर बस, प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल)
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो कल से एयरपोर्ट एक्सप्रेस के शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से फीडर बस सेवा शुरू करने जा रही है।
डीएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक, यह फीडर बस सेवा करीब 13 किलोमीटर लंबे मार्ग की दूरी तय करेगी और यह सुबह आठ बजे से शाम के आठ बजे तक उपलब्ध रहेगी।
ये फीडर बसें शिवाजी स्टेडियम से चलेगी और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन, आकाशवाणी भवन, कृषि भवन, पटियाला हाउस, हाई कोर्ट, प्रगति मैदान, सुप्रीम कोर्ट, आईटीओ, दिल्ली गेट, नयी दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन, मिन्टो रोड और स्टेट्समैन हाउस से होते हुये वापस शिवाजी स्टेडियम पहुंच जाएंगी।
अधिकारी ने बताया 'शुरूआत में, इस मार्ग पर परीक्षण और लगभग 20 मिनट के अंतराल पर बिना ए.सी. वाली तीन बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का किराया, गैर ए.सी. बसों के जैसे ही, चार किलोमीटर तक पांच रूपया, चार किलोमीटर से दस किलोमीटर तक दस रूपया और 10 किलोमीटर से अधिक तक का 15 रूपया रहेगा।
इन फीडर बसों के चलने से इस मार्ग पर स्थित कार्यालयों में काम करने वालों और द्बारका की तरफ से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। अधिकारी ने बताया कि बसों की संख्या में बढ़ोतरी, इस मार्ग पर लोगों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगी।