(फाइल फोटो: प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल)
नई दिल्ली। रोहिणी के एक प्ले स्कूल में ढाई साल की एक बच्ची के यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोपी अमित कुमार स्कूल में फोर्थ ग्रेड का स्टाफ है। बच्ची के परिवार की शिकायत पर प्रशांत विहार पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया। मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची से यौन शोषण की पुष्टि हुई है। वहीं, घटना की जानकारी होने पर करीब 150 बच्चों के पेरेंट्स ने स्कूल के सामने प्रोटेस्ट किया।
बच्ची ने मां को बताया- अंकल उससे छेड़छाड़ करते हैं
बुधवार को बच्ची स्कूल से घर लौटी तो रोने लगी। मां ने जब रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि एक अंकल स्कूल में उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। बच्ची की मां ने तुरंत उसके पिता को इस बात की जानकारी दी। इसके बाद मामले की शिकायत प्रशांत विहार पुलिस स्टेशन में की गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अफसर के मुताबिक, बच्ची के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया। रोहिणी कोर्ट ने आरोपी अमित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।