नई दिल्ली। एक सरकारी आदेश के अनुसार अवकाश यात्रा रियायत (एलटीसी) दावे के लिए आवेदन करने वाले सरकारी कर्मचारियों को एयर इंडिया से टिकट खरीदने को वरीयता देनी चाहिए। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने इस बारे में आदेश जारी किया है।
इसके अनुसार जहां तक संभव हो सरकारी खाते से हवाई टिकट सीधे एयर इंडिया से खरीदी जा सकती है और अगर यह संभव नहीं हो तो अधिकृत एजेंट की सेवाएं ली जा सकती हैं। इसके अलावा कर्मचारी अधिकृत ट्रेवल एजेंट बामर लारी एंड कंपनी, अशोक ट्रेवल एंड टुअर्स तथा आईआरसीटीसी की वेबसाइटों के जरिए भी टिकट बुक कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई जाली यात्रा बिल घोटाले (एलटीसी घोटाले) की जांच कर रही है जिसमें कथित रूप से कुछ सरकारी कर्मचारी, मौजूदा व पूर्व सांसद शामिल हैं।